दिल्ली पुलिस के जवान की हत्या में था वांछित
लखनऊ। गाजियाबाद के समीप बागपत में पुलिस मुठभेड़ में बुधवार को तड़के एक लाख रुपए का इनामी बदमाश जावेद ढेर हो गया। दिल्ली पुलिस के जवान की हत्या करने के बाद से जावेद फरार चल रहा था। दिल्ली और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में यह इनामी बदमाश मारा गया। पुलिस ने घटनास्थल से पिस्तौल, 9 एमएम की कारबाइन तथा कुछ गोलियां बरामद की हैं। जावेद पर लूट एवं हत्या के डेढ़ दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज थे। बागपत जनपद की बड़ौत कोतवाली पुलिस की टीम मंगलवार की देर रात बिनौली रोड पर चेकिंग कर रही थी। इसी बीच वहां से गुजर रही संदिग्ध सेंट्रो कार को रोकने की कोशिश की गई, मगर कार चालक नहीं रूका। पुलिस द्वारा कार रूकवाने का प्रयास करने पर चालक ने गोलियां चलाकर भागने की कोशिश की। जवाबी हमले में कार सवार पुलिस की गोली से घायल हो गया। घायल कार चालक की पहचान फरार अपराधी जावेद के रूप में की गई। बड़ौत कोतवाली प्रभारी अजय कुमार शर्मा के मुताबिक बागपत पुलिस ने दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ के साथ मिलकर यह अभियान चलाया। पुलिस की कार्रवाई में बदमाश जावेद गोली लगने से घायल हो गया। जावेद को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी के पास से पिस्तौल, 9 एमएम की कारबाइन तथा कुछ गोलियां बरामद हुईं। पुलिस का कहना है कि जावेद ने पिछले साल अक्तूबर में सिंघावली थाना क्षेत्र में दिल्ली पुलिस के सिपाही मनीष यादव की हत्या कर दी थी। मेरठ के जानी थाना क्षेत्र के डालूहेड़ा गांव निवासी मनीष यादव उस समय दिल्ली से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इस घटना में जावेद वांछित था। मेरठ पुलिस ने उस पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस का कहना है कि जावेद के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न थानों में लूट एवं हत्या के डेढ़ दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज थे।
















