कचहरी परिसर में हंगामा, वीडियो वायरल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के जनपद ललितपुर में दहेज उत्पीड़न की शिकार बहू का गुस्सा ससुर पर फूट पड़ा। कचहरी में पेशी पर आए ससुर पर बहू ने अचानक चप्पलें बरसा दीं। इसके चलते वहां एकाएक अफरा-तफरी मच गई। कुछ नागरिकों ने बीच-बचाव कर जैसे-तैसे मामला शांत कराया। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। जानकारी के अनुसार थाना नाराहट के एक गांव निवासी महिला ने ससुरालियों के खिलाफ दहेत उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला की ससुराल मध्य प्रदेश के जिला सागर में है। दोनों पक्ष का केस कोर्ट में विचाराधीन है। पुलिस के मुताबिक सोमवार को केस में सुनवाई होनी थरी। विवाहिता अपने परिजनों के साथ कचहरी पहुंची थी। कुछ देर बाद ससुराल पक्ष के सदस्य भी वहां आ पहुंचे। अधिवक्ता के चैंबर में ससुरालियों का सामना विवाहिता से हो गया। विवाहिता ने पहले तो ससुर को ससुराल खूब खरी-खोटी सुनाई। बाद में आक्रोशित बहू ने आपा खाकर ससुर पर चप्पलें बरसानी शुरू कर दी। यह देखकर वहां हंगामा मच गया। काफी संख्या में नागरिक एकत्र हो गए। नागरिकों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। इस बीच किसी ने मोबाइल से घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बताया गया है कि महिला की बेटी भी है। बहू का आरोप था कि ससुर के कारण वह ससुराल में रह न सकी। ससुर बहू को खाने-पीने के लिए भी नहीं देता था। ससुराल में विवाहिता को परेशान किया जाता था। इन बातों से परेशान होकर विवाहिता ने कचहरी परिसर में ससुर को देखकर अपना आपा खो दिया। महिला का आरोप है कि ससुराल में उसे काफी तंग किया गया था। वहीं, ससुराल पक्ष ने विवाहिता के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।
















