5 राज्यों में प्रस्तावित विधान सभा चुनाव पर मंथन
नई दिल्ली। देश के 5 राज्यों में अगले कुछ माह के भीतर विधान चुनाव होने हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी शामिल हैं। इसके मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने चुनावी तैयारियों को धार दी है। इसी क्रम में दिल्ली में रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की महत्वूपर्ण बैठक आयोजित की गई है। एनडीएमसी के कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस बैठक का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। बैठक में किसान आंदोलन पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। यह बैठक शाम 5 बजे तक चलेगी। बैठक की अध्यक्षता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कर रहे हैं। उन्होंने सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। इस दौरान भाजपा के सभी प्रदेशों के अध्यक्ष, प्रभारी, सह-प्रभारी व संगठन महामंत्री मौजूद हैं। गृहमंत्री अमित शाह सहित भाजपा के तमाम बड़े नेता और संसदीय बोर्ड के सदस्य भी बैठक में भाग लेंगे। बैठक के संबंध में पार्टी ने अभी किसी भी एजेंडे पर कोई साफ जानकारी नहीं दी है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि बैठक में पार्टी संगठन, भाजपा शासित राज्यों में पार्टी और सरकार के बीच तालमेल बनाकर काम करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके अलावा जिन राज्यों में भाजपा सत्ता में नहीं है, वहां पर केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ धरातल पर आमजन तक पहुंचाने के काम पर भी चर्चा की जाएगी। बैठक में किसान आंदोलन भी चर्चा के केंद्र में होगा। सरकार स्पष्ट कर चुकी है कि कृषि कानून निरस्त नहीं किया जाएगा। ऐसे में इस कानून के नाम पर किस तरह राजनीतिक दल भाजपा को बदनाम कर रहे हैं और कैसे इस मुद्दे पर सरकार अपनी बात आगे पहुंचा सकती है, इस पर चर्चा की जाएगी। बैठक में चर्चा के उपरांत लिए गए निर्णयों पर संबंधित राज्यों में अमल किया जाएगा।














