मनुष्य जाति का सारा उत्थान चेतना के विकास का परिणाम: नीरज योगी

योग सर्वांगीण विकास में सहायक: अनिल अग्रवाल

गोल्फ लिंक सोसाइटी में चार दिवसीय योग ध्यान कार्यशाला प्रारंभ

गाजियाबाद। मनुष्य जाति का सारा उत्थान चेतना के विकास का परिणाम है, जो भी भौतिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक प्रगति मनुष्य ने हजारों वर्षों मे की है वो सिर्फ हमारी चेतना के विकास से संभव हुआ है। यह बातें सोमवार को गोल्फ लिंक में आयोजित चार दिवसीय ध्यान-योग कार्यशाला को संबोधित करते हुुए योग भारती ट्रस्ट ऋषिकेश के संस्थापक आचार्य नीरज योगी ने कहीं। उन्होने कहा चेतना का विकास ही असली विकास है। यदि व्यक्ति चेतन्य है तो वह घर, परिवार, समाज और देश का सही तरीके से विकास कर सकता है। यदि चेतना का विकास नहीं हुआ तो तकनीकि कितनी भी विकसित या एडवांस होती चली जाए वह विकास नहीं विनाश की ओर ले जाएगी। चेतना की अनुभूति विषयक कार्यशाला में आचार्य नीरज योगी ने चेतन्यता संबंधी गूढ़ विषय की विस्तार से जानकारी दी। इससे पूर्व उद्यमी राज कुमार त्यागी के आवास पर पत्रकारवार्ता के दौरानें योग ऋषि नीरज योगी ने कहा कि आज भले की विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हों, लेकिन यह असली विकास नहीं है। असल विकास है मानव की चेतना का विकसित होना। यदि मनुष्य की चेतना का सही विकास होगा तो वह घर परिवार व समाज से लेकर राष्ट्र और समस्त ब्रह्मांड के विकास के लिए कल्याणकारी साबित होगा। मानव चेतना को विकसित करने का सबसे आसान तरीका ऋषि ज्ञान अर्थात ध्यान व योग है। योग के माध्यम से हम चेतना के विकास को कैसे और बढ़ा सकते हैं इसे समझने की आवश्यकता है। यदि आत्मा का शासन हमारे तन, मन, बुद्धि व इंद्रियों पर नहीं है तो हम कितने भी शिक्षित हो जाएं हमारे निर्णय श्रेष्ठ व चेतन्य नहीं होंगे। इसलिए योग के माध्यम से सर्वप्रथम चेतन्य होना आवश्यक है। यदि चेतना का विकास होगा तो राजनीतिक, सामाजिक, पारिवारिक, बौद्धिक, आर्थिक आदि तमाम स्तरों का सही विकास होगा और यह मानव के लिए कल्याणकारी रहेगा। राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल ने कहा कि योग सर्वांगीण विकास में सहायक है। इसकी क्रियाओं से मेधा भी तेजी से विकसित होती है। वर्तमान में तेजी से बढ़ रहे प्रदूषण को दूर करने के लिए भी योग आवश्यक है। सांसद प्रतिनिधि व समाजसेवी देवेंद्र हितकारी, राजकुमार त्यागी एवं पूर्व न्यायाधीश प्रदीप कंसल ने भी विचार व्यक्त किए और योग मानव की चेतना विकसित करने के लिए श्रेष्ठ बताया। इस दौरान पूर्व डीएसपी मोहर सिहं, पीपी कर्णवाल, दिव्य कर्मयोग फाउंडेशन की अध्यक्ष रचना सिंह, डॉ. सरोज सिरोही, विनोद गिरधर आदि मौजूद रहे।