भाकियू ने तैयार की रणनीति, और तेज होगा संघर्ष
गाजियाबाद। कृषि कानूनों के विरोध में जारी किसान आंदोलन को देश के कोने-कोने तक पहुंंचाने के लिए यूपी गेट-गाजीपुर बॉर्डर आंदोलन कमेटी ने नई रणनीति तैयार की है। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत के आंसुओं वाले भाषण के वीडियो को अब हिंदी के साथ ही तमिल, बंगाली, तेलुगु, अंग्रेजी, गुजराती, हरियाणवी व मराठी समेत अन्य भाषाओं में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड किया जाएगा। कमेटी ने इसके लिए 10 एक्सपर्ट सदस्यों की टीम भी तैयार की है। टीम ने सबसे पहले 28 जनवरी की रात चौधरी राकेश टिकैत की आंखों से निकले आंसू की वीडियो को अंग्रेजी व अन्य भाषाओं में डब करने के लिए चुना है। किसान आंदोलन कमेटी के प्रवक्ता जगतार सिंह बाजवा ने बताया कि किसान आंदोलन देश के हर राज्यों तक पहुंच चुका है। दिन-प्रतिदिन गाजीपुर बॉर्डर पर आंदोलन में शामिल होकर दूसरे राज्यों के किसान समर्थन देते हैं, लेकिन यहां के किसान दूसरे राज्यों के किसानों की बातों को नहीं समझ पाते हैं। किसान आर्थिक या पारिवारिक समस्या के चलते यहां नहीं पहुंच पा रहे हैं। वह सोशल मीडिया पर वीडियो देख लेते हैं। इस प्लेटफार्म पर भी उन्हें भाषाई समस्या से गुजरना पड़ता है। ऐसे में आंदोलन कमेटी ने तय किया है कि आंदोलन की एक-एक वीडियो और महापंचायत में किसानों को संबोधित करते चौधरी राकेश टिकैत के संदेश को वीडियो के साथ कुछ घंटे में ही अन्य भाषाओं में डब करके सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जाएगा। कमेटी के पदाधिकारी अन्य भाषाओं की डब वीडियो को जल्द लांच करने की तैयारी कर रहे हैं। आंदोलन की कुछ प्रमुख वीडियो पर काम चल रहा है। जिन्हें राकेश टिकैत द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण संदेशों के साथ अंग्रेजी में सब-टाइटल दिया जा रहा है। इस रणनीति के प्रथम चरण में करीब 5 से 6 वीडियो को अंग्रेजी में सब-टाइटल कर जल्द लॉन्च की जाएंगी। इसके बाद अन्य भाषाओं पर भी काम शुरू कर देंगे। 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर रैली निकालने के बाद अचानक तेजी से यूपी गेट पर हालात बदल गए थे। वहां पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भारी फोर्स के साथ तैनात हो चुके थे। शाम के समय प्रशासनिक अधिकारियों ने फोर्स के साथ मार्च पास्ट कर राकेश टिकैत व अन्य नेताओं से जगह खाली करने को कहा था। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण होने के बाद राकेश टिकैत की आंखों से आंसू निकल गए थे। उस वीडियो के बाद महज कुछ घंटे में यूपी गेट का नजारा बदल गया था। राकेश टिकैत की इसी वीडियो पर काम करना शुरू कर दिया गया है। उसे अंग्रेजी, मराठी और अन्य भाषाओं में डब किया जा रहा है। भाकियू नेता चौधरी राकेश टिकैत ने पुन: आंदोलन से ट्रैक्टरों को जोडऩे की बात कही है। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन से 40 लाख ट्रैक्टर व वाहन जोड़े जाएंगे। संसद की तरफ किस दिन जाना है इसके बारे में कॉल करके बताया जाएगा। इसकी तारीख अभी तय नहीं हैं। वहीं, भाकियू के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र मलिक ने किसान प्रतिनिधि के रूप में शामिल किए गए कृषक समृद्वि आयोग उत्तर प्रदेश से इस्तीफा दे दिया।















