नारी चौपाल में दी महिला सशक्तिकरण एवं बाल विवाह की जानकारी
गाजियाबाद। नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में जनपद लगातार आगे बढ़ रहा है। दहेज प्रथा एवं बाल विवाह महिला सशक्तिकरण में बाधा है। इसे दूर कर महिलाओं को सशक्त किया जा सकता है। इससे नए मजबूत समाज का निर्माण होगा। बालिकाओं व महिलाएं शिक्षित होकर सशक्त बने। जनप्रतिनिधि के रूप में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। यह बातें सोमवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय शहजादपुर में महिला एवं बाल अधिकार के संदर्भ में लगाई गई नारी चौपाल को संबोधित करते हुुए मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुषमा सिंह ने कहीं। उन्होने कहा सरकार निरंतर नए-नए अभियान चला रही है। इसके बावजूद महिलाएं डर के साए में जीने को मजबूर हैं। महिला सुरक्षा व शिक्षा को बढ़ावा देना और कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ कदम तो उठ रहे हैं, परंतु यह कदम अभी पर्याप्त नहीं है। कार्यक्रम का प्रारंभ जिला समन्वयक बालिका शिक्षा गौरव त्यागी ने उपाध्यक्ष को पुष्प भेंट कर किया। उपाध्यक्ष सुषमा सिंह द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक एवं सजग करने हेतु यौन शोषण, बाल विवाह, दहेज प्रथा, लिंग भेद, गुड टच एवं बैड टच, हेल्प लाइन नंबरों आदि पर विस्तृत चर्चा की गई।
इसके अतिरिक्त सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी महिलाओं के साथ साझा की गई। उनके द्वारा विद्यालय में मीना मंच संचालन के दौरान प्रत्येक शनिवार को बालिकाओं एवं महिलाओं के साथ की जा रही गतिविधियों की जानकारी ली गई। उन्होंने अपने अनुभवों को ग्रामीण महिलाओं के साथ साझा किया, जिससे वे सभी अपनी समस्याओं को निडरता से दूसरों के साथ साझा कर समाज में नए आयाम स्थापित कर सकें। जिला पर्यवेक्षक अधिकारी विकास चंद्र ने सरकार द्वारा महिलाओं को दी जाने वाली विभिन्न योजनाओं से अवगत कराया। कार्यक्रम के अंत में उपाध्यक्ष ने सभी को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विवाह की रोकथाम के लिए शपथ दिलाई। बेसिक शिक्षा विभाग के वरिष्ठ खंड शिक्षा अधिकारी पवन कुमार भाटी ने कहा महिला सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए प्रदेश सरकार की मुहिम मिशन शक्ति ने ग्रामीण व शहरी क्षेत्र की महिलाओं भी आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है, जिससे महिलाएं खुद को समाज में सुरक्षित महसूस कर सकें। लोगों में महिलाओं के प्रति सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन की भावना का प्रसार हो। बेटा-बेटी में कोई भेद नहीं, कोख में बेटियों की हत्या और बाल-विवाह जैसी घटनाएं न हो। ग्राम प्रधान प्रदीप त्यागी ने उपाध्यक्ष सुषमा सिंह को बुके भेंट किया। इस अवसर पर जिला बालिका समन्वयक गौरव त्यागी, जिला नोडल बालिका शिक्षा पूनम शर्मा, ब्लॉक नोडल मीना मंच मुरादनगर रीनू, मोनिका त्यागी, विद्यालय की मीना मंच सुगमकर्ता ममता खन्ना, प्रधानाध्यापक उमेश चंद्र, कुसुम त्यागी आदि उपस्थित रहे।
















