नारी मिशन शक्ति: आईआईए ने महिलाओं को किया सम्मन्नित

गाजियाबाद। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) गाजियाबाद चैप्टर द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन हेतु उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित विशेष अभियान मिशन शक्ति के तहत संचालित नारी मिशन शक्ति का आयोजन मैसर्स रियल प्लास्टॉकेम प्रा.लि. मेरठ रोड पर किया गया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों की महिलाएं रहीं। मंच संचालन राकेश अनेजा सचिव आईआईए गाजियाबाद चैप्टर ने किया। स्वागत संबोधन मनोज कुमार चेयरमैन द्वारा किया गया। मनोज कुमार एवं मंडलाध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता द्वारा नारी मिशन शक्ति के संबंध में विचार व्यक्त किए। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के साथ-साथ बाल अपराध के संबंध में जानकारी प्रदान की। केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य जेपी कौशिक, चेयरमैन भूजल सब्जेक्ट कमेटी सतीश शर्मा, सचिव राकेश अनेजा व संयुक्त सचिव संदीप गुप्ता ने महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में तथा प्रशासन व शासन द्वारा महिलाओं की सुरक्षा हेतु जारी सहायता की जानकारी प्रदान की। समारोह में औद्योगिक इकाईयों में कार्यरत 21 महिला कर्मचारी/श्रमिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अमरीक सिंह संयुक्त सचिव ने धन्यवाद प्रस्ताव दिया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन किया गया। इस अवसर पर आईआईए की ओर से मयंक कौशिक सहित विभिन्न सदस्य व महिला कर्मचारी उपस्थित रहे।