-वैशाली में 6 दुकानों को सील कर फ्लैट में अवैध निर्माण को तोड़ा
गाजियाबाद। अवैध निर्माणों पर शिकंजा कसने के लिए जीडीए की प्रवर्तन टीमों ने कमर कस ली है। जीडीए वीसी के निर्देश पर अभियान चलाकर अवैध निर्माण सील करने की कार्रवाई शुरू हो गई है। बगैर नक्शा स्वीकृत कराए अवैध रूप से वैशाली में भूखंड संख्या-432 सेक्टर-4 में निर्मित 4 दुकानों को सील किया गया। वहीं, भूखंड संख्या-435 सेक्टर-4 में बनाई अवैध दो दुकानों को सील करने के अलावा इंदिरापुरम में नक्शे के विपरीत बनाए गए फ्लैट में अवैध यूनिट बनाने पर इसे ध्वस्त किया गया।
शुक्रवार को जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश के आदेश पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) टीम ने सीलिंग ओर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। जीडीए ओएसडी एवं प्रवर्तन जोन-6 के प्रभारी सुशील कुमार चौबे ने बताया कि सहायक अभियंता मनोज सागर, जेई गोपाल शर्मा, आदेश्वर प्रसाद, जीडीए पुलिस और दस्ते की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। ओएसडी ने बताया कि वैशाली के अलावा इंदिरापुरम योजना में भूखंड संख्या 16 अहिंसा खंड-2 पर स्वीकृत नक्शे के विपरीत बनाए गए अतिरिक्त फ्लैट की यूनिट को हथौड़ा चलवाकर ध्वस्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान लोगों ने विरोध किया। मगर पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। इस प्रकार प्रवर्तन जोन-6 अंर्तगत वैशाली और इंदिरापुरम अवैध निर्माण पर कार्रवाई आगे भी की जाएगी। जहां निर्माण करना प्रतिबंधित है। काफी शिकायतें मिल रही थी कि यहां लोग निर्माण कर रहे हैं। जिनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
















