ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर सफर करने के लिए अब फास्टैग से टोल टैक्स जमा करना होगा। इसके लिए एक्सप्रेस-वे पर सभी टोल प्लाजा पर फास्टैग की सुविधा मिलेगी। फास्टैग के लिए 2 दिन बाद जेपी इंफ्राटेक, आईडीबीआई बैंक व यमुना प्राधिकरण के मध्य एमओयू होगा। इसके बाद जल्द यह सुविधा आरंभ कर दी जाएगी। अभी तक यमुना एक्सप्रेस-वे पर फास्टैग की सुविधा नहीं है। यात्रियों को कैश देकर टोल प्लाजा क्रॉस करना होता है, मगर अब यह व्यवस्था बदलने वाली है। यमुना विकास प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुण वीर सिंह ने बताया कि एक्सप्रेस-वे के तीनों टोल प्लाजा पर फास्टैग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस संबंध में सोमवार को यमुना प्राधिकरण के कार्यालय में आईडीबीआई बैंक, प्राधिकरण और जेपी इंफ्राटेक के बीच एमओयू होगा। एमओयू के लगभग 10 दिन बाद यह सुविधा शुरू होने की उम्मीद है। इसके बाद यात्री फास्टैग के जरिए टोल पार कर सकेंगे। इससे टोल प्लाजा पर लगने वाली लाइन भी खत्म हो जाएगी। उधर, नई सुविधा का यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा। उन्हें किसी भी टोल पर अनावश्यक तरीके से रूकना नहीं पड़ेगा।
















