-म्युनिसिपल कमिश्रर ने आईजीआरएस पोर्टल पर आई शिकायत का लिया संज्ञान
-सब्जी मंडी से 15 तख्त, 40 कंटेनर जब्त कर लगाया 2500 का जुर्माना
गाजियाबाद। शहर के विभिन्न मार्गो पर अतिक्रमण का बोलबाला है। सड़क के किनारे रेहड़ी-पटरी व ठेली वाले अवैध रूप से दुकानें लगा रहे हैं। इन दुकानों पर आने वाले ग्राहक सड़क पर वाहन खड़े करते हैं। इससे जाम लगता है। दुकानों से निकलने वाला ठोस कचरा भी सड़क पर ही फेंक दिया जाता है, जो स्वच्छता अभियान को मुंह चिढ़ा रहा है। शहर में फैले अतिक्रमण के खिलाफ गाजियाबाद नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है।
स्वच्छता सर्वेक्षण को बट्टा लगा रहे पुराना बस अड्डा सब्जी मंडी में नगर निगम की टीम ने अभियान चलाते हुए अतिक्रमण हटाते हुए मौके से 15 तख्त, 40 प्लास्टिक कंटेनर जब्त करते हुए 2500 रुपए का जुर्माना भी वसूला गया।
म्युनिसिपल कमिश्रर महेंन्द्र सिंह तंवर के आदेश पर आईजीआरएस पोर्टल पर आई शिकायत को संज्ञान में लेते हुए शुक्रवार को नगर निगम के सिटी जोनल प्रभारी सुधीर कुमार शर्मा,प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल दीपक शरण,प्रवर्तन दस्ते की टीम और पुलिस की मौजूदगी में अभियान चलाया गया। जोनल प्रभारी सुधीर कुमार शर्मा ने बताया कि पुरानी सब्जी मंडी और लालमन लस्सी रोड एवं फल मंडी में अवैध रूप से सड़क पर अतिक्रमण कर ठेली,पटरी,तख्त लगाकर बिक्री करने वालों को हटाया गया। मौके पर 15 तख्त, 40 कंटेनर जब्त करते हुए एक क्विंटल से अधिक सब्जी, फल जब्त करते हुए नंदीपार्क गौशाला में भेजे गए। बाकी सामान को स्टोर में जमा कराया गया। यहां के बाद सब्जी मंडी के अंदर सड़क पर 40 फीट चौड़ी रोड और जीडीए के फुटपाथ को 20 फीट तक खाली कराया गया। जोनल प्रभारी ने बताया कि सिहानी गेट थाना प्रभारी को पत्र भेजा गया कि अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा क्षेत्र में अतिक्रमण किया गया तो पुलिस की जिम्मेदारी होगी। उन्होने अतिक्रमणकारियों को सख्त निर्देश दिए कि दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो संबधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज की भी कार्रवाई की जाएगी।
















