अवैध बारातघरों पर बरपा जीडीए का कहर

-मैरिज होम-बैंक्वेट हाल सील,कॉलोनी ध्वस्त

गाजियाबाद। बगैर नक्शा स्वीकृत कराए गए अवैध रूप से बनाए गए भौपुरा लोनी रोड पर मून क्लाउड मैरिज होम और शालीमार गार्डन एक्सटेंशन में संचालित पारस बैंक्वेट हाल को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण(जीडीए)की टीम ने जहां सील कर दिया। वहीं,पावी रोड पर 8 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में काटी जा रही अवैध कॉलोनी में ध्वस्तीकरण किया गया। बुधवार को जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। जीडीए के प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी एवं ओएसडी संजय कुमार ने सहायक अभियंता आरके ङ्क्षसंह,अवर अभियंता सचिन अग्रवाल,यशोदानंद त्रिपाठी,राजेंद्र कुमार शर्मा,प्रदीप गुप्ता,जीडीए पुलिस और लोनी पुलिस की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। जीडीए ओएसडी संजय कुमार ने बताया कि भौपुरा लोनी रोड पर अवैध रूप से बनाए गए मून क्लाउड मैरिज होम और भूखंड संख्या- 909 शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1 पर बनाए गए संचालित पारस बैंक्वेट हाल को सील किया गया। लोनी में भूखंड नंबर-17 खन्ना नगर दिल्ली सहारनपुर रोड पर धन्नू स्वीट के ग्राउंड में अवैध निर्माण ध्वस्त कर सर्विस रोड पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। अवेध निर्माण करने वाले ने शमन कराने का अनुरोध करने पर अवैध निर्माण नहीं तोड़ा गया। प्रथम और दूसरे तल के निर्माण को सील किया गया। वहीं,पावी रोड पर स्कूल के अवैध निर्माण को तोड़ा गया। जबकि यहां पर करीब 8 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में अवैध रूप से काटी जा रही अवैध कॉलोनी में सड़क,कमरे,खंबे आदि को जेसीबी मशीन से ध्वस्त किया गया। अवैध निर्माण करने वालों ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का जमकर विरोध किया। शांति भंग करने को लेकर साहिबाबाद थाना और जीडीए पुलिस ने उन्हें लाठी फटकारते हुए वहां से खदेड़ दिया।