-जनपद को 25 जोन में बांटा, बनाए गये 75 सेक्टर
गाजियाबाद। जनपद में पंचायत चुनाव की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इसके मद्देनजर अब जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट का प्रशिक्षण आरंभ कराया गया है। जिलाधिकारी ने मंगलवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम को देखा। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आईटीएस मोहन नगर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण का आज पहला दिन था।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने कहा कि पंचायत चुनाव के चलते पूरे जनपद को 25 जोन में बांटा गया है। सभी 25 जोन में 75 सेक्टर बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों एवं बनाए गए बूथों को दो दिन के भीतर अनिवार्य रूप से भ्रमण कर लें। यदि वहां किसी प्रकार की कोई समस्या सामने आए तो उसका समाधान करा लिया जाए। गांवों की संवेदनशीलता का आंकलन भी किया जाए। इस संबंध में आख्या तैयार कर दो दिन में प्रभारी अधिकारी/निर्वाचन कार्यालय (पंचायत) में उपलब्ध कराएं। डीएम ने कहा कि जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट आपस में समन्वय बनाकर रखें। भ्रमणशील रहकर विशेष सतर्कता बरती जाए। बिना अनुमति के संबंधित अधिकारी मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव से संबंधित तैयारियों को समय से पूरा कर लिया जाए।
















