-जिला विकास योजना की बैठक में बजट का अनुमोदन
गाजियाबाद। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के संसदीय कार्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग सुरेश कुमार खन्ना की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय सभागार में जिला विकास योजना की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए 217 करोड़ 49 लाख 13 हजार रुपए के बजट का अनुमोदन किया गया। बैठक में प्रभारी मंत्री खन्ना ने कहा कि विकास की दृष्टि से जिला योजना एक बहुत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इसके अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2021-22 में विभागीय अधिकारियों द्वारा 217 करोड़ 49 लाख 13 हजार का बजट प्रस्तावित किया गया है। इसका अनुमोदन किया जा रहा है। सभी विभागीय अधिकारी अप्रैल से जिला योजना के कार्यों को संपादित कराने एवं शासन से बजट मुक्त कराने की दिशा में निरंतर कार्यवाही सुनिश्चित करें ताकि जिला योजना के अंतर्गत विकास कार्यक्रमों का समय पर संपादन होकर सरकार एवं शासन की मंशा के अनुरूप जन सामान्य को लाभ प्राप्त हो सके।
उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्यक्रमों को संपादित करने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ आपसी सामंजस्य स्थापित कर शासन एवं सरकार की मंशा के अनुरूप सभी विकास कार्यक्रमों को पूर्ण पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विगत वर्ष की जिला योजना की गहन समीक्षा की। समीक्षा में पाया कि विगत वर्ष भी 217 करोड़ 16 लाख रुपए का बजट प्रस्तावित किया गया था, जिसके सापेक्ष शासन से मात्र 82 करोड़ 34 लाख रुपए की धनराशि अवमुक्त होकर जनपद में विकास कार्यक्रम संपन्न कराए गए हैं। अत: इस वर्ष की जिला योजना में अधिक से अधिक धनराशि से विकास कार्यक्रम जनपद में संपन्न हों, सभी विभागीय अधिकारी अपने उच्च स्तरीय अधिकारियों से संपर्क स्थापित कर विभागीय योजनाओं में धनराशि अवमुक्त कराने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विगत वर्ष की जिला योजना के तहत जिन विभागों को धनराशि मांग के अनुरूप अवमुक्त नहीं हुई थी, उनके द्वारा इस वर्ष की जिला योजना में विशेष प्रयास करने की आवश्यकता है। ऐसे सभी विभागीय अधिकारियों द्वारा अप्रैल से ही अपने जिला योजना के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने की दिशा में कार्ययोजना बनाकर उसके अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने कहा कि जिला योजना के अंतर्गत विकास कार्यक्रमों में गतिशीलता लाने एवं गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि के भीतर संपन्न कराने के संबंध में जो दिशा-निर्देश दिए गए हैं, उनका अक्षर से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। इसके उपरांत प्रभारी मंत्री ने जनपद की कानून एवं शांति व्यवस्था के संबंध में गहन समीक्षा की। प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी पंचायत निर्वाचन को दृष्टिगत रखकर जनपद की कानून एवं शांति व्यवस्था बनाने के संबंध में विशेष कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अतुल गर्ग, महापौर आशा शर्मा, विधायक नंदकिशोर गुर्जर, मंजू शिवाच, अजीत पाल त्यागी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी, मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल आदि मौजूद रहे।














