-जारी की गई कर्मचारियों की सैलरी
गाजियाबाद। नगर पालिका परिषद खोड़ा-मकनपुर की अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी में उपजे विवाद को निपटाने के लिए बोर्ड की अनौपचारिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में होली पर्व को ध्यान में रखकर पिछले 3 माह से पालिका के अधिकारियों, कार्यालय कर्मचारियों एवं सफाई कर्मचारियों की सैलरी से जुड़े मामले पर भी चर्चा हुई। बैठक में सभी निर्वाचित एवं मनोनीत सभासदों ने प्रतिभाग किया। विवाद के प्रत्येक बिंदु पर सभासदों ने विचार रखे। उनके निस्तारण बताए गए और पालिका द्वारा पिछले चार साल में जो बेहतरीन विकास कार्य कराए गए हैं, उन पर फ़ोकस करने की सलाह दी गई ताकि इससे सरकार की एवं पार्टी की छवि दोनों का सुधार हो।
खोड़ा की जनता को पानी उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई, जो आज की सबसे ज़रूरी आवश्यकता है। पालिका बोर्ड सर्वोपरि है। पालिका बोर्ड द्वारा दी गई वित्तीय एवं प्रशासनिक शक्तियों का प्रयोग अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी द्वारा किया जाता है, इसलिए बोर्ड के सम्मान में इस विवाद की इतिश्री कर दी जाए और आपसी किसी मतभेद और मनभेद के कारण पालिका के विकास पर प्रतिकूल असर नहीं पडऩा चाहिए। दोनों अधिकारी आपस में सामंजस्य बनाकर आपसी सौहार्द बनाए रखकर पालिका बोर्ड के साथ मिलकर शहरी की शेष समस्याओं को दूर करने का सकारात्मक प्रयास करें।
पालिका बोर्ड के इस सुझाव और आदेश को मानकर अध्यक्ष एवं अधिशासी अधिकारी ने पिछले तीन माह से जारी विवाद को समाप्त कर दिया। इसके साथ कार्यालयी कर्मचारियों व सफाई कर्मचारियों की रूकी हुई सैलरी को भी अध्यक्ष ने बोर्ड के समक्ष हस्ताक्षर कर जारी कर दिया। अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी ने पालिका बोर्ड से वादा किया कि भविष्य में दोनों कंधे से कंधा मिलाकर पालिका के विकास कार्य कराएंगे और एक दूसरे का परस्पर सम्मान किया जाएगा। विवाद समाप्त होने पर मिठाई खिलाई गई। बैठक में रीना भाटी अध्यक्ष नगर पालिका, कृष्ण कुमार भडाना अधिशासी अधिकारी, योगेश भाटी पूर्व महानगर मंत्री भाजपा, सभासद देवेंद्र गिरि, पंकज त्रिपाठी, अमीचंद यादव, दीवान सिंह लटवाल, शशि भूषण मिश्रा, संजय तिवारी, अमित कसाना, दुर्गेश शर्मा, होती लाल सिंह, रजनीश, रिंकू ठाकुर, नागेंद्र चौहान, अनिल मौर्या, लाल सिंह, रामबीर यादव, अफजल, मुन्ना बिहारी आदि मौजूद रहे।
















