उद्यामियों की समस्या का प्राथमिकता से होगा निस्तारण: डीएम

गाजियाबाद। जनपद में उद्योगों को बढ़ावा देने तथा उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित गति के साथ निस्तारण करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को औद्योगिक इकाइयों के सम्मुख आने वाली समस्याओं का त्वरित गति के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्योगों के संचालन में उद्यमी कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करें। बैठक में डीएम ने कहा कि जनपद गाजियाबाद औद्योगिक विकास की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण जनपद है। जनपद के औद्योगिक विकास को बढ़ाने के क्षेत्र में निरंतर कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। डीएम ने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित आवेदन पत्रों की समीक्षा में यह पाया कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के स्तर पर 7 प्रकरण लंबित हैं। उपस्थित अधिकारी द्वारा उक्त संबंध में कोई जानकारी न होने पर डीएम ने नाराजगी प्रकट की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि बैठक में संबंधित अधिकारी प्रकरण की पूर्ण जानकारी के साथ प्रतिभाग करें। सौर ऊर्जा मार्ग पर स्थित ब्रज विहार नाले के ऊपर पुलिया निर्माण के संबंध में क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीएसआईडीसी ने अवगत कराया की उक्त पुलिया का एस्टीमेट तैयार कर मुख्यालय को प्रेषित किया गया है, जो कि इसी वित्तीय वर्ष में स्वीकृत होना संभावित है। ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र में औद्योगिक संगठनों से समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता के कार्यों को भी प्रारंभ करा दिया गया है। समीक्षा में डीएम ने पाया कि अमृत स्टील कंपाउंड एवं एस.एस. जीटी रोड औद्योगिक क्षेत्र में पूर्व की अपेक्षा विद्युत आपूर्ति में काफी सुधार आया है। इसी प्रकार साहिबाबाद क्षेत्र में भी सुधार हुआ है। डीएम ने हिंडन विहार, सिहानी, बनवारी नगर सहित नॉन कंफर्मिंग जोन के संबंध में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण महायोजना-2031 में यथोचित प्रस्ताव प्रेषित करने तथा उनका निरंतर अनुश्रवण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में डीएम ने उपस्थित सभी औद्योगिक संगठनों से यह अपील की कि 26 मार्च को प्रस्तावित भारत बंद के दौरान किसी भी प्रकार की जबरन बंदी न की जाए। अत: सभी औद्योगिक इकाई नियमित रूप से संचालित की जाएं। उन्होंने कहा कि यदि किसी उद्यमी अथवा औद्योगिक संगठन के प्रतिनिधि को कोई परेशानी हो तो वे तत्काल जिला प्रशासन, संबंधित पुलिस अधिकारी अथवा संयुक्त आयुक्त उद्योग जिला उद्योग केंद्र से संपर्क कर समस्या के विषय में अवगत करा सकते हैं, जिस पर तत्काल समस्या का समाधान कराया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल, पुलिस अधीक्षक नगर सुभाष चंद्र गंगवार, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संतोष कुमार वैश्य, अपर जिलाधिकारी (नगर) शैलेंद्र कुमार सिंह, संयुक्त आयुक्त उद्योग वीरेंद्र कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीएसआईडीसी स्मिता सिंह आदि मौजूद रहे।