ग्रेनो प्राधिकरण की बोर्ड बैठक 10 अप्रैल को, कई प्रस्ताव होंगे पास
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बहुप्रतिक्षित बोर्ड बैठक 10 अप्रैल को होगी। बैठक संबंधी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। बोर्ड बैठक में कुछ महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी मिलना तय है। इसके बाद नागरिकों को कई तोहफे भी मिल जाएंगे। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कैंप कार्यालय खोलने के अलावा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और सामुदायिक केंद्र भी बनाया जाएगा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में प्राधिकरण का शिविर कार्यालय खुलने पर नागरिकों को सबसे बड़ी राहत मिलेगी। उन्हें विभिन्न समस्याओं के निस्तारण के लिए 25 किमी दूर तक नहीं जाना पड़ेगा। कैंप कार्यालय चालू होने पर नागरिकों का धन और समय दोनों की बचत होगी। बोर्ड बैठक में वित्तीय वर्ष 2021-22 के बजट को भी मंजूरी दी जाएगी। 10 अप्रैल को प्रस्तावित ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की यह बैठक बजट बैठक होगी। हालांकि बैठक में कुछ महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल किए जाएंगे। फिलहाल ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 2 लाख से ज्यादा नागरिकों को सड़क, सीवर, स्ट्रीट लाइट आदि की शिकायतों के लिए 25 किलोमीटर दूर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय आना पड़ता है। प्राधिकरण ने यह समस्या दूर करने का फैसला लिया है। ग्रेनो वेस्ट में कैंप कार्यालय बनाया जाएगा। इसके लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है। ग्रेनो वेस्ट में एक भी खेल मैदान नहीं है। बिल्डरों ने अपनी सोसाइटियों में चिल्ड्रेन पार्क बनाए हैं। एक-दो स्टेडियम हैं, मगर वहां सुविधाएं कम हैं। प्राधिकरण ने ग्रेनो वेस्ट में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में प्रस्ताव तैयार किया गया। यह प्रस्ताव बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। बोर्ड से अनुमति मिलने के बाद इस पर कार्रवाई शुरू की जाएगी। इसके अलावा ग्रेनो वेस्ट में सामुदायिक केंद्र बनाने का प्रस्ताव भी बोर्ड के समक्ष रखा जाएगा। सीवर समस्या को दूर करने को 3 नए सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाए जाएंगे। इसका भी प्रस्ताव बोर्ड बैठक में पेश किया जाएगा। प्राधिकरण ने ग्रेनो वेस्ट व नॉलेज पार्क-5 में 20-20 एमएलडी ओर टेकजोन में 12 एमएलडी क्षमता का एसटीपी बनाने की योजना तैयार की है। ग्रेनो वेस्ट में सीवर की कोई ठोस योजना नहीं है।
5 हजार करोड़ का बजट
बोर्ड बैठक में बजट पर सर्वाधिक जोर रहेगा। वर्ष 2021-22 के लिए ग्रेनो प्राधिकरण का बजट करीब 5 हजार करोड़ रुपये होगा। इसमें सबसे ज्यादा जोर ग्रामीण विकास पर रहेगा। बोर्ड बैठक में शहर के 44 सेक्टर और 124 गांवों में विकास कार्यों का प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके अतिरिक्त नोएडा एयरपोर्ट के दूसरे चरण की भूमि अधिग्रहण का खर्च का भी प्रावधान होगा। डीएमआईसी के तहत बसाई जा रही इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल टाउनशिप में 250 एकड़ भूमि उद्योगों के लिए आवंटित की जाएगी। 8 औद्योगिक सेक्टर विकसित करने के लिए भूमि खरीदी जाएगी। यह प्रक्रिया चल रही है। बजट में भूमि खरीदने के लिए बजट का प्रावधान किया जाएगा। एसीईओ अमनदीप डुली ने बताया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय अवकाश के दिन 2 से 4 अप्रैल में भी खुलेगा। यह फैसला बोर्ड बैठक का एजेंडा बनाने के लिए लिया गया है।
इन प्रस्तावों को मिलेगी मंजूरी
-ग्रेटर नोएडा वेस्ट में कैंप कार्यालय की स्थापना
-ग्रेनो वेस्ट में खेल मैदान और सामुदायिक केंद्र
-3 नए सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण
-8 औद्योगिक सेक्टर के लिए भूमि का अधिग्रहण
-शहर के 44 सेक्टर और 124 गांवों में विकास कार्य
















