नोएडा में चला बुलडोजर, 70 करोड़ की भूमि मुक्त

नोएडा। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नोएडा प्राधिकरण की मुहिम जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को सेक्टर-43 नोएडा में अवैध नर्सरी के खिलाफ व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 11 हजार 463 वर्ग मीटर भूमि को कब्जा मुक्त करा लियसा गया। इस भूमि की अनुमानित लागत 70 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शहर में विभिन्न स्थानों पर सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर नर्सरी का संचालन किया जा रहा है। सेक्टर-43 में विभिन्न स्थानों पर नर्सरी चलाई जा रही थीं। इसकी शिकायत मिलने पर नोएडा प्राधिकरण ने कड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण के वर्क सर्किल व भूलेख विभाग की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ यह कार्रवाई की। संयुक्त टीम ने सविता नर्सरी को ध्वस्त कर 1560 वर्ग मीटर भूमि, सतवीर नर्सरी को ध्वस्त कर 1550 वर्ग मीटर भूमि, अनमोल नर्सरी को ध्वस्त कर 1570, गमले की दुकान को हटाकर 1580 वर्ग मीटर, अगजाम नर्सरी को ध्वस्त कर 670 वर्ग मीटर, कुशवाहा नर्सरी को हटाकर 783 वर्ग मीटर, हर्ष-प्रशांत नर्सरी को हटाकर 670 वर्ग मीटर, आशु नर्सरी को हटाकर 1580 वर्ग मीटर और ग्रीन ब्यूटी नर्सरी के खिलाफ कार्रवाई कर 1500 वर्ग मीटर भूमि को कब्जा मुक्त कराया है। कुछेक स्थानों पर टीम को विरोध का भी सामना करना पड़ा, मगर पुलिस बल ने विरोध करने वालों को पीछे खदेड़ दिया।