गौतमबुद्ध नगर में 7 व 8 अप्रैल को दाखिल होंगे पर्चे
ग्रेटर नोएडा। जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की सरगर्मी जोर पकड़ रही है। जिले में बुधवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामंकन प्रक्रिया के लिए सरकारी स्तर पर तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कोविड-19 प्रोटोकॉल का अनुपालन सुनिश्चित कराने पर ज्यादा जोर है। नामांकन केंद्रों के भीतर और बाहर भीड़ उमड़ने नहीं दी जाएगी। इसके लिए विशेष कार्ययोजना बनाई गई है। जनपद गौतमबुद्ध नगर में पंचायत चुनाव के लिए 7 व 8 अप्रैल को नामांकन प्रक्रिया चलेगी। प्रतिदिन सुबह 8 से शाम 5 बजे तक नामांकन पत्र जमा कराए जा सकेंगे। नामांकन कक्ष में प्रत्याशी के साथ सिर्फ 2 व्यक्तियों को प्रवेश की अनुमति होगी। यदि कोई व्यक्ति भीड़ के साथ नामांकन करने आता है, तो उसके विरूद्ध भारतीय आचार संहिता की धारा-188 के तहत कार्रवाई की जाएगी। नामांकन पत्रों की जांच 9 व 10 अप्रैल को होगी। 11 अप्रैल को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित है। इसके बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न का आवंटन होगा। प्रधान ग्राम पंचायत, सदस्य ग्राम पंचायत व सदस्य क्षेत्र पंचायत के लिए नामांकन पत्रों का विक्रय, नामांकन पत्रों को दाखिल करने, उनकी संवीक्षा, उम्मीदवारी वापस लेने तथा चुनाव चिन्ह आवंटन का कार्य संबंधित विकास खंड कार्यालय पर संपन्न होगा। जबकि जिला पंचायत सदस्य के नामांकन पत्रों का विक्रय, नामांकन पत्र दाखिल, संवीक्षा, नामांकन वापस लेने तथा चुनाव चिन्ह आवंटन करने का काम जिला मुख्यालय पर होगा। यह कार्य कलक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के न्यायालय कक्ष संख्या-113 में होगा। नामांकन के लिए विकास खंड मुख्यालय व जिलाधिकारी कार्यालय में बेरिकेडिंग की गई है। डीएम कार्यालय से 200 मीटर की परिधि में 5 से ज्यादा नागरिक रूक नहीं सकते हैं। आवेदकों की सुविधा के लिए एडीएम कक्ष के बाहर बैठने की व्यवस्था रहेगी। उधर, नामांकन प्रक्रिया के साथ जनपद में चुनावी सरगर्मी और तेज हो जाएगी। गांव-गांव में पंचायत चुनाव की सरगर्मी देखने को मिल रही है।















