अवैध निर्माण के खिलाफ जीडीए की प्रभावी कार्रवाई

-मुरादनगर में चला बुलडोजर, मुक्त कराई गई भूमि

गाजियाबाद। महायोजना-2031के मद्देनजर मोदीनगर और मुरादनगर क्षेत्र में खेती की जमीन पर अवैध रूप से कॉलोनी काटकर प्लॉट बेचे जाने पर अवैध कॉलोनी को जेसीबी मशीन से गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए)प्रवर्तन टीम ने ध्वस्त कर दिया। बुधवार को जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश के आदेश पर यह बड़ी कार्रवाई की गई। जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी ओएसडी संजय कुमार की अगुआई में प्रवर्तन जोन-2 के सहायक अभियंता राजेश वर्मा ने जेई,जीडीए पुलिस और मुरादनगर पुलिस की मौजूदगी में यह ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। जीडीए ओएसडी संजय कुमार ने बताया कि ग्राम मिल्क नजदीक ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे दुहाई में वेदराम,पिंटू त्यागी द्वारा करीब 7 बीघा जमीन पर काटी गई अवैध कॉलोनी में सड़क, ऑफिस आदि को ध्वस्त किया गया। वहीं,ग्राम मिल्क दुहाई में कृष्णा कुंज कॉलोनी के पास टीनू त्यागी द्वारा करीब 45 बीघा जमीन अवैध कॉलोनी में मकान,बाउंड्रीवाल,सड़क,15 भूखंडों की चारदीवारी को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। ग्राम भिक्कनपुर,दुहाई मुरादनगर के पास हेमलता पत्नी नरेंद्र गर्ग,योगेश शर्मा,दिनेश शर्मा द्वारा करीब 18 बीघा जमीन पर अवैध रूप से काटी गई अवैध कॉलोनी इंद्रप्रस्थ सिटी-2 के नाम से बगैर नक्शा पास कराए अवैध कॉलोनी विकसित की गई। इसमें कार्रवाई करते हुए सीसी रोड और 30 भूखंडों की चारदीवारी,बिजली खंबे आदि को ध्वस्त किया गया। वहीं,ग्राम धेंधा कुर्मी कनौजा मुरादनगर क्षेत्र में मुकेश,अरूण चौधरी द्वारा करीब 17 बीघा जमीन पर अवैध रूप से काटी गई कॉलोनी में 6 मकान,रोड और कॉलोनी के मुख्य गेट,साईट ऑफिस एवं 35 प्लॉट की बाउंड्रीवाल को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा गांव जलालपुर रोड पर पूर्व में निर्मित कॉलोनी में करीब 50 प्लॉट की बाउंड्रीवाल को जेसीबी मशीन चलाकर ध्वस्त किया गया। ओएसडी ने बताया कि रावली रोड,जलालपुर रोड,असालतनगर, शहजादपुर रोड,दुहाई रोड पर जल्द अभियान चलाया जाएगा। मोदीनगर और मुरादनगर क्षेत्र में अवैध कॉलोनी में भूखंड खरीदने से पहले जानकारी कर लें कि उसका जीडीए से नक्शा पास किया गया है या नहीं। अवैध कॉलोनी को ध्वस्त करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।