गाजियाबाद। कोरोना वैक्सीन को लेकर कुछ लोगों में भ्रम अभी भी बरकरार है। इसमें आम लोगों के साथ-साथ स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल हैं। कोरोना काल के दौरान जिले में कई लोगों ने गरीब व असहाय लोगों की मदद की। इस कड़ी में एक वर्ग पार्षदों का भी है, जिन्होंने संक्रमण की संभावना के बीच दिन-रात लोगों की सेवा की। वहीं, अब कोविड-19 वैक्सीनेशन के दूसरे चरण में टीके के दोनों डोज लेने के बाद जनमानस को टीकाकरण के लिए प्रेरित कर रहे हैं। गुरूवार को वार्ड-72 के पार्षद मनोज गोयल ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हाउस नंबर-345 वैशाली सेक्टर-1 में कोविड-19 के खिलाफ दूसरी डोज वैक्सीन की लगवाई। वैक्सीन की दुसरी डोज लेने के बाद उन्होने अपील कि कोरोना महामारी कमजोर जरूर पड़ी है, लेकिन खतरा अभी भी बरकरार है।
टीकाकरण कराने के बाद पार्षद ने अपने अनुभव साझा किए। कहा कि टीकाकरण कराने के बाद काफी अच्छा महसूस कर रहे हैं। जिनको टीकाकरण कराने का मौका मिल रहा है, वो टीका अवश्य लगवाएं। पार्षद ने कहा कोरोना संक्रमण के खतरे से बचाने के लिए सरकार ने वैक्सीनेशन कार्यक्रम भी चालू कर रखा है। लेकिन कई लोग वैक्सीनेशन के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। कई ऐसे भी हैं जिन्होंने वैक्सीन की पहली डोज तो ले ली, लेकिन दूसरी डोज के लिए सामने नहीं आए। कोरोना वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसे हर व्यक्ति को आवश्यक रूप से लगवाना चाहिए। मास्क का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। भीड़-भाड़ वाले जगहों से परहेज करें। अनावश्यक यात्रा से बचें।
















