-निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव के लिए पुलिस-प्रशासन ने कसी कमर
-डीआईजी एवं एसएसपी ने पोलिंग बूथों का किया औचक निरीक्षण
गाजियाबाद। जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से तैयारियां काफी हद तक पूरी कर ली गई हैं। अतिसंवेदनशील व संवेदनशील मतदान केंद्रों पर प्रशासन की नजर रहेगी। किसी प्रकार की अराजकता न हो, इसके लिए पीएसी बल भी तैनात किया जाएगा। इसके अलावा बीहड़ के क्षेत्र में पुलिस सक्रियता बरतेगी और उपद्रवियों पर नजर रखेगी।
मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधाओं को देखते हुए व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं। अतिसंवेदनशील व संवेदनशील केंद्रों पर ड्रोन कैमरे से नजर रखी जाएगी। इसके चलते डीआईजी एवं एसएसपी अमित पाठक ने शनिवार को एसपी ग्रामीण डॉॅ. ईरज राजा एवं सीओ के साथ लोनी, टीला मोड़, नंदग्राम थाना क्षेत्र के पोलिंग बूथों का औचक निरीक्षण किया।
एसएसपी ने ग्रामीणों के साथ बैठक भी की। एसएसपी अमित पाठक ने ग्रामीणों से कहा कि किसी के बहकावे एवं प्रलोभन में न आएं। 15 अपै्रल को निडर होकर मतदान करें। पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था प्रत्येक पोलिंग बूथ पर रहेगी।
डीआईजी ने नंदग्राम थाना क्षेत्र के ग्राम अटौर नंगला, मोहनपुर के अलावा टीला मोड़ क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर, जावली, फर्रूखनगर और लोनी थाना क्षेत्र के ग्राम निठौरा, बंथला, खडखड़ी आदि गांवों के संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पोलिंग बूथों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पोलिंग बूथों पर ही क्षेत्र के संभ्रात लोगों से वार्ता कर चुनाव आचार संहिता की जानकारी दी।
उन्होंने लोगों को निडर होकर मतदान करने के लिए जागरूक किया। डीआईजी ने कहा कि पंचायत चुनाव में कोई भी प्रत्याशी शराब, पैसा एवं अन्य कोई भी प्रलोभन देने का प्रयास करें तो उसकी पुलिस से शिकायत करें। किसी के बहकावे और प्रलोभन में न आकर निडर होकर 15 अपै्रल को अपने-अपने पोलिंग बूथ पर मतदान करें।
अगर कोई भी प्रत्याशी या उसके समर्थक डराने, धमकाने और प्रलोभन देता है तो उसकी तत्काल पुलिस के चुनाव हेल्पलाइन नंबर-9643322935 पर शिकायत करें। हेल्पलाइन नंबर 24 घंटे कार्य करेगा। हेल्पलाइन नंबर पर मैसेज, कॉल, वाटसएप के जरिए भी शिकायत कर सकते हैं। शिकायत करने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस तत्काल शिकायत पर कार्रवाई करेगी।
















