मंत्री सुरेश खन्ना ने जिम्स और कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया

कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

ग्रेटर नोएडा। उप्र सरकार के संसदीय कार्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग मंत्री सुरेश कुमार खन्ना शनिवार को ग्रेटर नोएडा पहुंचे। इस दरम्यान उन्होंने जिम्स अस्पताल और इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम का जायजा लिया। उन्होंने सभी कोविड अस्पतालों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा सरकार की मंशा के अनुरूप सभी कोरोना मरीजों को मानकों के अनुरूप इलाज संभव कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन कार्यक्रम में भी तेजी लाई जाए। जिम्स अस्पताल पहुंचे मंत्री सुरेश खन्ना ने भर्ती मरीजों के साथ कंट्रोल रूम से फोन के जरिए वार्ता कर उनके हालचाल एवं प्रदत्त सुविधाओं के विषय में जानकारी प्राप्त की। मंत्री खन्ना अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं के संबंध में संतुष्ट दिखाई दिए। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वंदिता श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक ओहरी आदि के साथ कोरोना वायरस को रोकने के संबंध में बैठक की। बैठक में संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि कोरोना संक्रमण को रोकने में जागरूकता कार्यक्रम की अह्म भूमिका है। सभी अधिकारी इसे लेकर विशेष फोकस के साथ स्वैच्छिक संस्थाओं एवं स्थानीय नागरिकों को जोड़कर व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम संचालित करें। जनपद में पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम के जरिए 2 गज की दूरी मास्क है जरूरी तथा कोविड-19 प्रोटोकॉल का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि सभी नागरिक घर से बाहर निकलने पर घरेलू गमछा एवं मास्क का प्रयोग कर सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कर सकें। उन्होंने कहा कि जागरूकता कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग प्राप्त किया जाए। मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार के पास कोरोना वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व्यापक स्तर पर अभियान चलाकर वैक्सीनेशन कार्यक्रम संचालित करें, जिससे सभी पात्र नागरिकों को वैक्सीनेशन प्रदान की जा सके।