2 बच्चियों की मौत, 150 से ज्यादा झुग्गी राख
नोएडा। जनपद गौतमबुद्ध नगर के बहलोलपुर गांव की झुग्गी-झोपड़ियों में रविवार की दोपहर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आने से 150 से ज्यादा झुग्गियां जलकर राख हो गई। इसके अलावा 2 बच्चियों की भी मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस और दमकल विभाग की टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की 17 गाड़ियों ने 4 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। पुलिस के मुताबिक पारो (2) और डॉल (6) पुत्री श्रवण की आग की लपटों में घिरकर मौत हो गई। घटना के दौरान वह झुग्गी में सोई हुई थीं। झुग्गी बस्ती में लगी आग के लिए कुछ लोग शार्ट सर्किट को तो कुछ लोग सिलेंडर में लगी आग को जिम्मेदार बता रहे हैं। इनमें से अधिकांश का कहना है कि दोपहर के समय किसी झुग्गी में रखे सिलेंडर में आग लगी थी। आग बुझाने के लिए किए गए प्रयासों के बाद आग अन्य झुग्गियों में फैलती चली गई, जबकि कुछ का मानना था कि शार्ट सर्किट से आग लगी है। हालांकि आग लगने के सही कारणों को जानने के लिए पुलिस एवं दमकल विभाग जांच कर रहे है। नागरिकों ने बताया कि इन झुग्गियों में लगभग 4 माह पहले भी आग लगी थी। उस समय आग में 12 झुग्गियां जलकर राख हो गई थी। तब भी इन झुग्गियों को लेकर कई सवाल उठे थे। उधर, दमकल विभाग की 17 गाड़ियां ने रविवार को घटनास्थल पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। पुलिस और दमकल विभाग का मानना है कि संभवत: शार्ट सर्किट या सिलेंडर में लगी आग के कारण यह घटना हुई है। इसकी जांच की जा रही है।
















