-बाजारों एवं आवासीय कॉलोनियों में चलेगा सैनेटाइजेशन एवं फॉगिंग अभियान
-कार्रवाई के फोटो एवं आख्या डीएम को भेजेंगे इंसीडेंट कमांडर
गाजियाबाद। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने सभी इंसीडेंट कमांडरों को जनपद में लॉकडाउन की अवधि में अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित सभी बाजारों एवं आवासीय कॉलोनियों में वृहद स्तर पर सैनेटाईजेशन, स्वच्छता एवं फॅागिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने नगरायुक्त को निर्देशित किया है कि वह इस अभियान में नगर निगम के कर्मचारियों की डयूटी लगाएं। इंसीडेंट कमांडरों को अपने-अपने क्षेत्र में आने वाले प्रत्येक बाजार एवं आवासीय कॉलोनियों में अभियान के अंतर्गत की गई कार्यवाही के फोटोग्राफ्स सहित अपनी आख्या प्रत्येक सोमवार को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए है। इस अभियान में गाजियाबाद शहर में नगर निगम एवं प्रशासन द्वारा 30 टीमें लगाई गई हैं। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा भी टीमों का गठन किया गया है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में सैनेटाईजेशन, फॉगिंग एवं स्वच्छता अभियान चलाएंगी। नगर पालिका परिषदों व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को को भी प्रत्येक बाजार एवं आवासीय कॉलोनियों में लॉक डाउन अवधि में यह अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने इंसीडेंट कमांडरों को अपने-अपने क्षेत्रों में बाजारों में दुकानों पर आने वाले ग्राहकों पर विशेष नजऱ रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा इंसीडेंट कमांडर बाजारों में नियमित रूप से भ्रमण कर लोगों से कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन सुनिश्चित कराने एवं दुकानों पर आने-जाने वाले ग्राहकों पर सतर्क दृष्टि रखने जैसे उनके द्वारा मास्क लगाया हुआ है अथवा नही। यदि नहीं तो संबंधित ग्राहक के विरूद्ध कोविड प्रोटोकॉल के तहत चालान की कार्यवाही सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने यह भी स्पष्ट किया है कि दुकान पर यदि कोई ग्राहक बिना मास्क लगाए कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन करता पाया गया, तो संबंधित दुकान को एक दिन के लिए बंद कराया जाएगा। यदि उस दुकान पर दूसरी बार किसी ग्राहक द्वारा मास्क का प्रयोग नहीं करते पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के विरूद्ध कार्यवाही करने एवं दुकान को एक सप्ताह के लिए बंद कराए जाने की कार्यवाही करने के निर्देश इंसीडेंट कमांडरों को दिए गए हैं। अपर जिलाधिकारी (नगर) इस कार्रवाई की सूचना प्रतिदिन इंसीडेंट कमांडरों से प्राप्त कर जिलाधिकारी को उपलब्ध कराएंगे।
















