रेमडेसिविर का स्टॉक होल्ड करने पर एक्शन में प्रशासन

गाजियाबाद। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय द्वारा प्रतिदिन जनपद में बढ़ते कोविड संक्रमण के मद्देनजर स्वयं समीक्षा की जा रही है। समीक्षा में जिलाधिकारी का फोकस अस्पतालों में आने वाले कोविड मरीजों के उपचार पर, अस्पाताल में ऑक्सीजन की उपलब्धता एवं रेमडेसिविर इंजेक्शन की उपलब्धता तथा अस्पताल में उपलब्ध बेडों की संख्या उनके प्रमुख बिंदुओं में शामिल हैं। इस कड़ी में शनिवार को मेरठ रोड स्थित सिप्ला कंपनी से जनपद के विभिन्न स्टॉकिस्ट एवं अस्पतालों को इंजेक्शन की 258 वॉयल उपलब्ध करवायी गयी। इसी प्रकार राज फार्मा डिस्ट्रीब्यूटर के माध्यम से जनपद के स्टॉकिस्ट एवं अस्पतालों को इंजेक्शन की 56 वॉयल उपलब्ध करवायी गयी। जिलाधिकारी ने इस अभियान के तहत एक-एक स्टॉक को वैरिफाई कराने के निर्देश दिए हैं तथा दवा कब इस्तेमाल की गई, कितनी इस्तेमाल हुई, इत्यादि बिंदुओं पर जिला प्रशासन अपनी सतर्क दृष्टि बनाए हुए है। जिलाधिकारी स्वयं इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।