-लालू यादव को पत्र भेजकर इस्तीफा दिया, चल रहे थे असंतुष्ट
उदय भूमि ब्यूरो
पटना। बिहार की सियासत में वीरवार को एकाएक बड़ा परिवर्तन देखने को मिला। विधान सभा चुनाव की सरगर्मी के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का साथ छोड़ दिया। उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। ऐसे में चुनावी तैयारियों में जुटी राजद को जोर का झटका लगा है। चर्चा है कि वरिष्ठ नेता प्रसाद काफी समय से पार्टी के प्रति असंतुष्ट चल रहे थे। उधर, पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने अपने पुराने साथी रघुवंश प्रसाद सिंह को पत्र लिखा है। बिहार में विधान सभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। चुनाव आयोग कभी भी चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपनी स्थिति को मजबूत करने की कोशिश में जुटे हैं। चुनावी सरगर्मी के दौर में पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने लालू प्रसाद यादव की राजद को अलविदा कर दिया है। प्रसाद के इस्तीफा देने से पार्टी में हड़कंप मचा है। खबरों के मुताबिक इस साल की शुरुआत में रघुवंश प्रसाद ने लालू यादव को पत्र लिखा था। पत्र में उन्होंने पार्टी के काम-काज को लेकर असंतुष्टि जाहिर की थी। दरअसल रघुवंश प्रसाद पुराने तौर-तरीके से चलने वाले नेता हैं। जबकि तेजस्वी यादव किसी भी तरह चुनाव जीतना चाहते हैं। नतीजन दोनों के बीच मतभेद गहरा गए थे। तेजस्वी के साथ बढ़ते मतभेदों को रघुवंश प्रसाद के इस्तीफा देने का कारण माना जा रहा है। बता दें कि कुछ दिनों पहले रघुवंश प्रसाद कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। बाद में स्वस्थ होकर वह वापस घर आ गए थे, मगर पुन: तबीयत बिगडऩे पर उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती किया गया। तब से उनका इलाज चल रहा है। वहीं से उन्होंने रांची एम्स में भर्ती लालू प्रसाद यादव को पत्र लिखकर इस्तीफा दिया है।















