-कोरोना में बदला सरकारी कार्यालयों में कामकाज का तरीका
गाजियाबाद। कोरोना संकट काल में सरकारी कार्यालयों में काम-काज का तरीका भी बदल रहा है। जीडीए में अब ऑनलाइन शिकायतों का निर्धारित समय पर निदान करने का निर्णय लिया गया है। जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश ने इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। ऑनलाइन शिकायतों का निस्तारण तय समय पर करने के निर्देश दिए हैं। इससे शिकायत कर्ताओं को बेवजह विभाग के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। घर पर रहकर वह अपनी शिकायत ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। शिकायतों का निर्धारित समय पर निस्तारण करने के लिए टीम भी गठित की गई है।जिले में कोरोना संक्रमण के केस लगातार बढ़ रहे है। ऐसे में जिला प्रशासन ने 35 घंटे का लॉकडाउन भी कर दिया है। घर से बाहर जरूरत होने पर ही निकलने की सलाह दी है। ऐसे में जीडीए में लोगों की आवाजाही कम हो सके। इसलिए जीडीए ने भी लोगों को ऑनलाइन ही शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है। ऑनलाइन दर्ज होने वाली शिकायतों का निस्तारण भी निर्धारित समयावधि में किया जाएगा। बता दें कि पिछले साल कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए लॉकडाउन लागू होने के बाद जीडीए में एंट्री बंद कर दी गई थी। ऐसे ही कुछ हालात अब दिख रहे है। जीडीए में ऑनलाइन व्यवस्था लोगों को काफी पसंद आई थी। ऐसे में विभिन्न तरह की समस्याओं को लेकर 70 फीसदी शिकायत ऑनलाइन आई,जबकि 30 फीसदी लोग ही अन्य प्लेटफार्म का प्रयोग करते हुए शिकायत की गई। जीडीए में ऑनलाइन शिकायत व उनका निस्तारण की व्यवस्था तीन साल पहले ही लागू कर दी गई थी, लेकिन लोगों के जागरूक ना होने के कारण वह जीडीए में आते है। अब लोग ऑनलाइन या सोशल मीडिया के जरिए शिकायत व अपने किसी भी कार्य के लिए आवेदन करना बेहतर समझ रहे हैं। जीडीए सचिव संतोष कुमार राय ने बताया कि जीडीए में ऑनलाइन व्यवस्था लागू है। लोग आनलाइन ही शिकायत दर्ज कराएंं। इन शिकायतों का निर्धारित अवधि में निस्तारण किया जाएगा।
















