-पीएसी-पुलिस के 1000 जवानों की सुरक्षा के बीच 4 स्थलों पर होगी मतगणना
-प्रत्याशियों और मतगणना अभिकर्ताओं को कोरोना निगेटिव रिपोर्ट के बाद मिलेगा प्रवेश
गाजियाबाद। जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के परिणाम जानने के लिए तैयार हो जाइए। कल यानि रविवार की सुबह 8 बजे से मतगणना प्रक्रिया आरंभ हो जाएगी। जिले में 4 स्थलों पर मतगणना की जाएगी। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। चारों स्थलों पर शनिवार को तैयारियां पूरी कर ली गईं। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराकर मतगणना होगी। ऐसे में 3302 प्रत्याशियों के भाग्य का 17 दिन बाद फैसला होगा। जनपद में विगत 15 अपै्रल को पंचायत चुनाव कराए गए थे। रविवार की सुबह 8 बजे से देर रात तक मतगणना प्रक्रिया चलेगी। मतगणना के लिए रजापुर ब्लॉक के लिए गोविंदपुरम अनाज मंडी एवं लोनी ब्लॉक की केडमी ट्रांस दिल्ली सिग्नेचर सिटी,भोजपुर के लिए महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज गोविंदपुरी मोदीनगर और मुरादनगर ब्लॉक के लिए हंस इंटर कॉलेज मुरादनगर में सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कार्यवाहक जिलाधिकारी कृष्णा करूणेश ने चारों ब्लॉक के लिए जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिए है। इनमें रजापुर ब्लॉक के लिए एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह,भोजपुर ब्लॉक एसडीएम मोदीनगर आदित्य प्रजापति,मुरादनगर ब्लॉक के लिए अपर नगर मजिस्ट्रेट खालिद अंजुम और लोनी ब्लॉक के लिए लोनी एसडीएम शुभांगी शुक्ला को जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया हैं। इनकी देखरेख में दो पाली में मतगणना होगी।
पहली पाली में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे और दूसरी पाली में रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक 12-12 घंटे की ड्यूटी लगाई गई हैं। पंचायत चुनाव में खड़े 3302 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतगणना होने के बाद होगा। इन दिग्गजों के लिए जिले में कुल 72.80 फीसद मतदान हुआ था।वहीं,क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य के 910 प्रत्याशी निर्विरोध चुने जाने के बाद चुनाव मैदान में 3302 प्रत्याशी रह गए है। कुल मिलाकर 4212 प्रत्याशी मैदान में थे। राज्य निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन-पुलिस ने कमर कस ली हैं। मतगणना को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट को जिम्मेदारी सौंपी गई है।वहीं,कार्यवाहक जिलाधिकारी कृष्णा करूणेश एवं डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक ने एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह,सिटी मजिस्ट्रेट विपिन कुमार,एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह,एसडीएम मोदीनगर आदित्य प्रजापति,अपर नगर मजिस्ट्रेट खालिद अंजुम,एसडीएम लोनी शुभांगी शुक्ला आदि अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए शांतिपूर्ण मतगणना कराने के निर्देश दिए हैं।
पीएसी-पुलिस के 1000 जवानों पर मतगणना का जिम्मा:
एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि आज होने वाली मतगणना पुलिस-पीएसी जवानों की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना संपन्न कराई जाएगी। दो पाली में करीब 1000 पुलिस के जवानों को लगाया गया हैं। जिले के सभी 4 ब्लॉक में आज होने वाली मतगणना के लिए पहली पाली में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक और रात 8 बजे से सोमवार की सुबह 8 बजे तक जवान तैनात रहेंगे। एसपी ने बताया कि पीएसी की 2 प्लाटून यानि कि करीब 112 जवान दोनों पाली में तैनात रहेंगे। वहीं,1000 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें चारों ब्लॉक में थाना प्रभारियों के अलावा एसपी,सीओ के अलावा 22 इंस्पेक्टर,115 सब इंस्पेक्टर,210 हेड कांस्टेबल,महिला और पुरूष सिपाही 700 मतगणना स्थलों पर तैनात किए गए हैं। मतगणना स्थल पर संक्रमण से बचाव के लिए प्रत्याशियों और मतगणना अभिकर्ताओं को कोरोना निगेटिव रिपोर्ट लेकर आने के लिए निर्देश जिला प्रशासन द्वारा जारी किए गए हैं। इसके अलावा मतगणना स्थल में प्रवेश करने से पहले भी ऑक्सीमीटर और थर्मल स्कैनर से अधिकारियों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। अगर कोई अस्वस्थ होगा तो उसको मतगणना स्थल के अंदर प्रवेश करने से रोका जाएगा। पंचायत चुनाव की आज जिले के चारों ब्लॉक की 4 स्थलों पर मतगणना होगी। इस मतगणना को 1327 मतगणना कार्मिक लगाए गए है। कुल मिलाकर 6 लाख 96 हजार 798 पड़े वोटों की मतगणना होगी। जिला परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास पीएन दीक्षित ने बताया कि 116 टेबल पर आज मतगणना होगी। इनमें ब्लॉक रजापुर-34 टेबिल,लोनी-20 टेबिल, मुरादनगर-20 टेबिल और भोजपुर-32 टेबिल पर मतगणना होगी। इसके लिए कुल 1327 कार्मिकों को लगाया गया है। जबकि 20 फीसद रिजर्व में करीब 565 कार्मिकों को रखा गया है। जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिए गए हैं। मतगणना के लिए 212 पर्यवेक्षक लगाए गए हैं। चार रिटर्रि्नंग ऑफिसर है। कोरोना प्रोटोकॉल के नियमों का पालन करते हुए मास्क लगाकर मतगणना कराई जाएगी। चारों मतगणना स्थलों पर सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। सभी कार्मिकों को सुबह 6 बजे मतगणना स्थल पर पहुंचना होगा। प्रशासन-पुलिस ने पंचायत चुनाव की मतगणना शांतिपूर्ण, स्वतंत्र,निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। मतगणना गोविंदपुरम अनाज मंडी,हंस इंटर कॉलेज मुरादनगर,महर्षि इंटर कॉलेज गोविंदपुरी मोदीनगर और लोनी में होगी। राज्य निर्वाचन आयोग से नियुक्त प्रेक्षक के रविंद्र नायक की मौजूदगी में मतगणना संपन्न होगी। शनिवार की शाम को प्रेक्षक ने सभी स्थलों का निरीक्षण करते हुए तैयारियों का जायजा लिया। जिले में पहले चरण में 15 अपै्रल को हुए मतदान के बाद आज 2 मई रविवार की सुबह 8 बजे से होने वाली मतगणना के चलते जहां प्रशासन-पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए है। वहीं, प्रत्याशियों के दिलों की धड़कन भी तेज हो गई है। 161 ग्राम पंचायत, 958 बूथों की मतगणना होगी। जबकि जिला पंचायत सदस्य के 14 वार्ड की मतगणना होनी हैं। ग्राम प्रधान,ग्राम पंचायत सदस्य,क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के 498 पदों के लिए हुए मतदान के बाद आज मतगणना होगी।
















