-जीडीए की 350 करोड़ की योजनाओं पर लगा ब्रेक
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण का असर अब विकास योजनाओं पर भी होने लगा है। जनपद की अगर बात करें तो गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की लगभग 350 करोड़ रुपए की योजनाओं पर अब पूर्ण रूप से ब्रेक लग गया है। इसके पीछे लॉकडाउन लगने और कांट्रेक्टरों से लेकर लेवर नहीं मिलने की वजह से कई योजनाओं के निर्माण पर अब रोक लग गई है। जीडीए द्वारा मार्च के बाद नई योजनाओं को विकसित करने के लिए प्लानिंग की गई थी। जबकि कुछ पर निर्माण कार्य चल रहा था। मगर अब कोरोना संक्रमण के बढ़ते केस की वजह से सभी योजनाओं पर निर्माण कार्य बंद हो गया है। जीडीए की मधुबन-बापूधाम योजना को दिल्ली-मेरठ हाइवे से कनेक्ट करने के लिए रेलवे ट्रैक के ऊपर रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण यूपी सेतु निर्माण निगम द्वाररा किया जा रहा था। इसका करीब 74 करोड़ रुपए की लागत से निर्माण होना है, मगर फिलहाल काम बंद है। ऐसे ही हिंडन नदी पर जर्जर पुल को तोडऩे के बाद नए पुल का 20 करोड़ रुपए की लागत से निर्माण होना है,मगर इसका भी निर्माण कार्य बंद है। ऐसे ही मधुबन बापूधाम आवासीय योजना में प्रधानमंत्री आवास योजना के 856 ईडब्ल्यूएस भवनों का निर्माण अभी कंप्लीट नहीं हुआ। इसके अलावा मधुबन-बापूधाम योजना में ही सड़कों के निर्माण,नाले-नाली निर्माण के अलावा बुनकर मार्ट का निमार्णाधीन कार्य के अलावा प्रताप विहार,डासना और निवाड़ी में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करीब 2 हजार ईडब्ल्यूएस भवनों का निर्माण होना है। मगर कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों और लॉकडाउन की वजह से निर्माण कार्य ठप पड़ गए है। जीडीए के चीफ इंजीनियर विवेकानंद सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण की वजह से जीडीए के करीब 350 करोड़ रुपए के विकास कार्य बंद हो गए है। इन योजनाओं में एफओबी,पुल निर्माण के अलावा प्रधानमंत्री आवास,मधुबन-बापूधाम में सड़कों,पार्क एवं मार्केट आदि निर्माण कार्य योजनाएं शामिल हैं। कांट्रेक्टर जहां खुद कोरोना संक्रमित हो रहे है। वहीं,श्रमिकों की कमी के चलते निर्माण कार्य शुरू नहीं किए जा पा रहे हैं। ऐसे में लगभग 350 करोड़ रुपए के विकास कार्यों पर फिलहाल ब्रेक लग गया हैं। लॉकडाउन हटने और कोरोना संक्रमण के केस कम होने के बाद ही इन सभी योजनाओं पर कार्य शुरू हो सकेगा। कोरोना संक्रमण की वजह से फिलहाल कोई नई योजना की शुरूआत नहीं हो पा रही हैं।
















