गाजियाबाद। कोविड-19 के इलाज में इस्तेमाल होने वाले रेमडेसिविर इंजेक्शन तथा अन्य जीवन रक्षक दवाओं और ऑक्सीजन सिलेंडर की कालाबाजारी पर रोक लगाने में जनता का सहयोग लेने के लिए पुलिस ने एक मोबाइल नंबर जारी किया है। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच कोविड-19 के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं और ऑक्सीजन सिलेंडर की कालाबाजारी पर प्रभावी कार्यवाही के लिए यह मोबाइल नंबर जारी किया गया है। कोरोना काल में कालाबाजारियों की नाक में नकेल डालने के लिए डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक ने एक नई पहल की है। इस पहल के तहत उन्होंने पुलिस की ओर से आमजनों को कालाबाजारियों के शिकंजे में फंसने से बचाने और कोरोना वायरस से संबंधित दवाईयों व उपकरणों की कालाबाजारियों पर लगाम कसने के लिए कोविड एंटी ब्लैक मार्केटिंग हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस संदर्भ में डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि अब कोई भी जनपदवासी 9643322935 पर किसी भी समय कालाबाजारी अथवा ठगी से संबंधित सूचना दे सकते हैं। डीआईजी ने लोगों से अपील करते हुए कहा, ऑक्सीजन सिलेंडर व जीवन रक्षक दवाओं की कालाबाजारी करने वालों की सूचना हम तक पहुंचाएं। ऐसे जघन्य अपराध में लिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सूचना देने वालों का नाम व पहचान गोपनीय रखी जाएगी। कोई भी व्यक्ति सूचनाके साथ फोटो,वीडियो क्लिप भी भेज सकता हैं। इस मुहिम का नोडल अधिकारी एसपी देहात डॉक्टर ईरज राजा को बनाया गया है। बता दें कि जनपद में ऑक्सीजन सिलेंडर व जीवन रक्षक दवाओं की कालाबाजारी रोकने के लिए एसपी देहात शुरू से ही अभियान छेड़े हुए है, संबधित लोगों के खिलाफ लगातार छापेमारी की कार्रवाई भी कर रहें है। इस बीच एसपी देहात जरूरतमंद लोगों की मदद भी कर रहें है।
















