कोरोना: 145 उप-स्वास्थ्य केंद्र जल्द होंगे क्रियाशील

गाजियाबाद। जनपद के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने एवं संक्रमित व्यक्तियों को सरकार की मंशा के अनुरूप गांव में इलाज संभव कराने, मेडिकल किट उपलब्ध कराने के मकसद से जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय के द्वारा बड़ा निर्णय लिया गया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिले के नोडल अधिकारी डॉ. सेंथिल पांडियन सी ने जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय एवं सीडीओ अस्मिता लाल, एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह,एडीएम प्रशासन संतोष कुमार वैश्य,एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल,एसपी ग्रामीण डॉ.ईरज राजा,सीएमओ डॉ.एनके गुप्ता आदि अधिकारियों के साथ बैठक की। नोडल अधिकारी ने कहा कि जिले में कोरोना संक्रमितों को इलाज कराने और वैक्सीनेशन के लिए पूरी तरह से प्रयास जारी रहेंगे। डीएम ने सभी उप-जिलाधिकारियों एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर कहा कि जनपद के 145 स्वास्थ्य उप केंद्रों को 48 घंटे के अंदर क्रियाशील किया जाए ताकि गांव-गांव में टेस्टिंग एवं उपचार की प्रक्रिया को गति प्रदान की जा सके। उन्होंने निर्देशित किया कि इस कार्य को करने के लिए आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकृत्रियों को प्रशिक्षण दिया जाए। डीएम अजय शंकर पांडेय ने बताया कि स्वास्थ्य उप केंद्रों को क्रियाशील करने से ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाया जाएगा। जहां टेस्टिंग, ट्रेसिंग एवं ट्रीटमेंट की व्यवस्था गांव के अंदर उपलब्ध रहेगी। डीएम ने समस्त उप-जिलाधिकारी एवं तहसीलदारों को स्वास्थ्य उप केंद्रों की तैयारियां प्राथमिकता पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए, जिससे स्वास्थ्य उप केंद्रों को 48 घंटे के अंदर क्रियाशील किया जा सके। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया कि इन स्वास्थ्य उप केंद्रों एवं इसके आस-पास के परिवेश की साफ-सफाई कराना सुनिश्चित कराएं। डीएम द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना के फैलाव को रोकने एवं संक्रमित व्यक्तियों को इलाज संभव कराने के उद्देश्य से निरंतर स्तर पर कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।
डीएम को सौंपे 9 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर:
अग्रणी जिला प्रबंधक शिव प्रसाद यादव ने बताया कि बुधवार को जिलाधिकारी के कार्यालय कक्ष में जिले का अग्रणी बैंक केनरा बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और पंजाब नेशनल बैंक की तरफ से कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी के तहत कोविड-19 प्रभारी नोडल अधिकारी डॉ. सेंथिल पांडियन सी. एवं जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय की उपस्थिति में 9 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर कोविड-19 मरीजों की देखभाल के लिए डोनेट किए गए।
307 नए कोरोना संक्रमित, 552 लोगों ने दी कोरोना को मात
जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़े में कमी आने के बाद मौत का आंकड़ा बढ़ रहा है। बुधवार को जिले में कोरोना को मात देकर जहां 552 लोग स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किए गए। वहीं, कोरोना संक्रमित 307 लोगों की पुष्टि हुई। जबकि कोरोना संक्रमित 12 लोगों की मौत हो गई। सीएमओ डॉ.एनके गुप्ता ने बताया कि जिले में बुधवार को 307 कोरोना संक्रमित की पुष्टि हुई है। जबकि 552लोग कोरोना को मात देने के बाद स्वस्थ हो गए। जबकि पिछले 24 घंटे में 12 संक्रमित की मौत हुई हैं। जिले में अब तक स्वस्थ होने के बाद आंकड़ा-48,937 तक होने के बाद लोगों को अस्पतालों से डिस्चार्ज किया जा चुका है। जिले में अब तक कोरोना की चपेट में आने के बाद महिला एवं पुरूषों की मौत का आंकड़ा-400तक पहुंच गया। कोरोना के सक्रिय केस अब 3017तक रह गए है। कोरोना संक्रमण गांवों में फैलने की वजह से अब गांवों में महिलाएं, पुरूष अधिक इसकी चपेट में आ रहे है।