खोड़ा पालिका ने भी शुरू किया ऑलवेज विद यू अभियान

-जरूरतमंदों की घर जाकर सुनवाई करेंगे अफसर: केके भड़ाना

गाजियाबाद। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय की इच्छा और उनकी मंशा व अपेक्षाओं के क्रम में नगर पालिका परिषद खोड़ा-मकनपुर के अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भडाना द्वारा एक अप्रैल से आज तक जो भी मृत्यु हुई हैं, चाहे वह किसी भी कारण से हुई हैं, उनके लिए ऑलवेज विद यू अभियान प्रारंभ किया गया है, जिसमे मृतकों के घरों पर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी जाएंगे और मृतक के न रहने पर परिवार वालों के समक्ष उत्पन्न हुई समस्याओं के निवारण के लिए सहयोग करेंगे। इसमें चाहे उनके जिला स्तर से संबंधित कोई प्रमाण पत्रों को बनवाना हो या बीमा दावे की रक़म दिलाने का कार्य हो। उत्तराधिकार प्रमाण पत्र हो या आर्थिक सहायता दिलाने का कार्य हो या फिर उनके जीवन यापन से संबंधित राशन-पानी आदि की कोई समस्या हो, उसका भी निस्तारण प्राथमिकता पर पालिका द्वारा कराया जाएगा ताकि महामारी के इस निराशाजनक माहौल में मृतक के परिवार वालों को यह महसूस हो कि हमारे घर के व्यक्ति के जाने के उपरांत जिलाधिकारी और जिला प्रशासन, पालिका प्रशासन और सरकार हमारे साथ है। हम बेसहारा नहीं हैं। पालिका प्रशासन द्वारा यह प्रण लिया गया है कि इस महान कार्य को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करेंगे ताकि नागरिकों को इस वैश्विक महामारी के माहौल में फीलगुड कराया जा सके और एक सकारात्मक संदेश दिया जा सके कि पालिका अपने हर नागरिक के व हर परिवार के साथ जिंदगी के साथ भी और जिंदगी के बाद भी नाता बनाए रखेगी।