यमुना प्राधिकरण की पहल, चिकित्सीय पैनल गठित

96 गांवों के ग्रामीणों को मिलेगा मुफ्त परामर्श
कोविड अस्पताल को भी उपलब्ध कराई एंबुलेंस

ग्रेटर नोएडा। कोविड-19 (कोरोना वायरस) से ग्रामीणों को बचाने के लिए यमुना विकास प्राधिकरण हरसंभव प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में अब ग्रामीणों को मुफ्त चिकित्सीय परामर्श मिल सकेगा। 96 गांवों के ग्रामीण इसका लाभ उठा पाएंगे। इसके मद्देनजर डॉक्टरों का पैनल गठित किया गया है। डॉक्टरों का यह पैनल फोन पर चिकित्सीय परामर्श देगा। यह चिकित्सक राउंड द क्लॉक उपलब्ध रहेंगे। यानि 24 घंटे शिफ्टवार डॉक्टरों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उधर, यमुना प्राधिकरण ने जेवर कोविड अस्पताल को एंबुलेंस उपलब्ध कराई है। दरअसल नोएडा अपैरल एक्सपोर्ट क्लस्टर (एनएईसी) ने जरूरी उपकरणों से लैस यह एंबुलेंस प्राधिकरण को डोनेट की थी। एनएईसी अध्यक्ष ललित ठुकराल ने एंबुलेंस व अन्य सामान गुरुवार को यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) को सौंपा। कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए देहात क्षेत्र के अस्पतालों को संसाधनों से सुसज्जित किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के कोरोना मरीजों के इलाज के लिए जेवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को कोविड अस्पताल बनाया गया है। अस्पताल को सीएसआर के जरिए जरूरी संसाधन मुहैया कराए जा रहे हैं। यमुना प्राधिकरण ने कुछ दिन पहले नोएडा एयरपोर्ट कंपनी की तरफ से मिले 50 आॅक्सीजन कंसंट्रेटर, बेड, गद्दे, चादर, तकिए आदि सामान अस्पताल को दिया था। एनएईसी ने यमुना प्राधिकरण को एंबुलेंस के अलावा आॅक्सीजन कंसंट्रेटर, मास्क आदि भी उपलब्ध कराए हैं। इसी क्रम में निशुल्क चिकित्सीय परामर्श के लिए सेवानिवृत्त चिकित्सक नियुक्त किए गए हैं। प्राधिकरण के आग्रह पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. धीरज सिघल भी प्रतिदिन एक घंटे फोन पर परामर्श के लिए मौजूद रहेंगे। अगले सप्ताह से 2 एंबुलेंस की निशुल्क सुविधा भी शुरू होगी। दोनों एंबुलेंस किराए पर ली जा रही हैं। यह एंबुलेंस आॅक्सीजन वितरण केंद्र मिर्जापुर पर उपलब्ध रहेंगी। प्राधिकरण क्षेत्र के किसी भी गांव के ग्रामीण फोन पर संपर्क कर एंबुलेंस की सेवाएं ले सकेंगे। वहीं, यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह का कहना है कि यमुना प्राधिकरण प्राधिकरण क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए अगले सप्ताह से निशुल्क एंबुलेंस व चिकित्सीय परामर्श सेवा आरंभ होने जा रही है। नोएडा अपैरल एक्सपोर्ट क्लस्टर की तरफ से एंबुलेंस जेवर कोविड अस्पताल को उपलब्ध कराई गई है।