अवस्थापना निधि एवं वित्त आयोग के कार्यों की मेयर ने ली समीक्षा बैठक

-शहर के रूके विकास कार्यो में लाए तेजी: मेयर

गाजियाबाद। मेयर आशा शर्मा की अध्यक्षता में गुरूवार को 14वां एवं 15 वां वित्त आयोग तथा अवस्थापना विकास निधि के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेयर ने जुलाई के द्वितीय सप्ताह तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। मेयर कार्यालय में नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर के साथ अपर नगर आयुक्त आर एन पांडेय,अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार,अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव, लेखाधिकारी अरूण कुमार मिश्रा समेत सभी विभाग के अध्यक्षों सेे रुके कार्यों का ब्यौरा मांगते हुए विकास कार्यों में देरी का कारण भी पूछा।

मुख्य अभियंता निर्माण विभाग मोइनुद्दीन ने बताया गया कि 40 कार्य की स्वीकृति मिली थी, जिसमे से 21 पूर्ण हो चुके हैं व 15 पर कार्य चल रहा है और 4 कार्य निरस्त किये गए हैं। यह सभी कार्य नाला निर्माण, सड़क, इंटर लॉकिंग एवं बाउंड्री वाल के हैं। जल निगम महाप्रबंधक योगेश श्रीवास्तव ने बताया कि अवस्थापना निधि में 13 कार्य मिले थे, जिसमें से 10 पूरे हो गए हैं। 3 पर कार्य चल रहा है क्योंकि बड़े कार्य हैं, इसलिए देरी हो गई एवं 14 वां वित्त में 55 कार्य मिले थे, जिसमें से 46 कार्य पूर्ण व 5 निरस्त हो गए। बाकी पर कार्य चल रहा है, जिसमे सीवर लाइन, पानी की लाइन, रिबोर, एवं नए बोर के कार्य हैं। प्रकाश विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि कोई कार्य पैंडिंग नहीं है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार ने बताया कि लगभग सभी कार्य पूर्ण हैं। केवल 2-3 कार्य ही रिटेंडरिंग में हैं। उद्यान विभाग प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने बताया कि 200 पार्क विकसित करने थे। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि 200 पार्कों में बरसात से पहले घास लगाने का लक्ष्य है, जिसको समय से पूरा किया जाएगा और सभी विभाग पेंडिंग कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करें। मेयर ने सभी विभाग अध्यक्ष को कार्य पूर्ण कर राइट ऑफ करने के भी निर्देश दिए ताकि शेष पैसे को किसी अन्य मद में प्रयोग किया जा सके।