-वातावरण को स्वच्छ बनाने के लिए लगाएं पौधे
गाजियाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस पर शनिवार को आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर पौधा रोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आईआरएसडीसी के नोडल ऑफिसर डीके चोपड़ा के नेतृत्व में स्टेशन परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में पीपल, शीशम, जामुन, भाकला, अमरूद आदि फलदार एवं छायादार पौधे रोपित किए। इस अवसर पर डीके चोपड़ा ने कहा कि पेड़ों की अहमियत तब हम महसूस करते हैं जब कोई संकट आता है।
कोरोना काल में ऑक्सीजन के अभाव में बहुत लोगों को तड़पते देखा। कई की तो जान भी चली गई। पेड़ हमें आक्सीजन देता है। इसलिए हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि अधिक से अधिक पेड़ लगाए एवं उनकी सुरक्षा करें। पर्यावरण स्वच्छ रहेगा तो हम सब भी स्वस्थ रहेंगे।
डीके चौपड़ा ने कहा कि अंधाधुंध पेड़ कटने की वजह से पर्यावरण पर खतरा मंडरा रहा है। पर्यावरण को बचाने के लिए पौधरोपण करना जरूरी है। अगर पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाओगे तो सांसों पर भी तलवार चल जाएगी। उन्होंने कहा कि लक्ष्य रहे कि हरेक व्यक्ति एक पौधा जरूर लगाए।
देश का प्रत्येक नागरिक ऐसा करेगा तो जनजीवन सुरक्षित और पर्यावरण स्वच्छ होगा। सभी लोगों को पर्यावरण की सुरक्षा के लिए पौधे लगाने का संकल्प लेना होगा, तभी हम स्वस्थ व स्वच्छ वातावरण में जीवन बीता सकेंगे। पर्यावरण की सुरक्षा के लिए लोगों को अन्य उपायों के साथ ही पौधारोपण अभियान को तेज करना जरूरी है। पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान आनंद विहार रेलवे स्टेशन के स्टेशन सुपरीटेंडेंट, प्रोजेक्ट मैनेजर, यूडीएस, चीफ मेंटेनेंस इंजीनियर, आरपीएफ इंस्पेक्टर कपिल, महिला सब इंस्पेक्टर सहित रेलवे के कई अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
















