नए प्रोजेक्ट्स के डिजाइन तैयार करना होगा आसान
ग्रेटर नोएडा। नए प्रोजेक्ट्स के डिजाइन की अड़चन दूर करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अह्म निर्णय लिया है। इसके लिए जल्द आर्किटेक्ट (वास्तुविद) का पैनल गठित कर दिया जाएगा। पैनल के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। तदुपरांत नए प्रोजेक्ट्स के डिजाइन तैयार करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आएगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा आर्किटेक्ट के प्रस्तावित पैनल में शामिल होने के लिए कोई भी कंपनी या संस्था 15 जुलाई तक आवेदन कर सकती हैं। विभाग ने आर्किटेक्ट कंपनियों का पैनल गठित करने को टेंडर भी निकाल दिए हैं। एक बार पैनल में शामिल होने पर कंपनी/आर्किटेक्ट 3 साल तक वैध रहेंगे। निकाले गए टेंडर के अनुसार यदि किसी तरह का संशय है तो कंपनियां 22 जून तक अपने प्रश्न भेज सकती हैं। 23 जून को प्रीबिड बैठक की जाएगी। यह बैठक ऑनलाइन होगी। इस दौरान कंपनियों से मिले सुझावों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। ग्रेनो प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि कंपनियां या संस्था 15 जुलाई तक आवेदन कर सकती हैं। आवेदन कर्ता को 10 हजार रुपये का शुल्क जमा करना होगा। यह पैसा वापस नहीं किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का नियोजन विभाग इस प्रक्रिया को अंजाम देने में जुट गया है। पैनल में शामिल होने वाले आर्किटेक्ट कंपनी या संस्था को भावी परियोजनाओं के लिए चयनित किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर इनसे काम भी लिया जाएगा।
















