-किसानों को महामारी से बचाने के लिए उठाए गये कदम
गाजियाबाद। केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए केंद्रीय तीनों कृषि कानूनों को निरस्त करने एवं एमएसपी पर कानून बनाने की मांग को लेकर 28 नवंबर से यूपी गेट गाजीपुर बॉर्डर पर आंदोलनरत किसानों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद ने सैनिटाइजेशन एवं फॉगिंग के साथ साफ-सफाई का कार्य किया। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत एवं संयुक्त किसान मोर्चा की अगुआई में पिछले साढ़े 6 माह से किसान बॉर्डर पर धरना दे रहे हैं।
मंगलवार को जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद द्वारा किसान आंदोलन स्थल पर फॉगिंग, सैनेटाइजेशन कराने के साथ ही तंबुओंं के आसपास और सड़क पर साफ-सफाई कराई गई। खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भड़ाना ने बताया कि कोरोना संक्रमण के मामले भले ही कम हो रहे हो, लेकिन अभी खतरा पूर्ण रूप से टला नही है। इसलिए कोरोना से बचाव के लिए कोविड गाइडलाइन का पालन करना बेहद जरूरी है।
गाजीपुर बोर्डर पर आंदोलनरत किसानों को कोरोना से बचाव के लिए पालिका द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे है। आंदोलनरत किसानों के धरना स्थल एवं उसके आसपास कोविड-19 एवं मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया गया। सैनिटाइजेशन कराने के साथ रात में फॉगिंग भी कराई गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर अधिशासी अधिकारी केके भड़ाना के नेतृत्व में यूपी गेट पर किसान आंदोलन धरना स्थल एवं उसके आसपास वृहद स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। अधिशासी अधिकारी केके भड़ाना ने बताया कि रात में फॉगिंग कराई जाएगी। इसी प्रकार नगर पालिका क्षेत्र में सैनेटाइजेशन और फॉगिंग के साथ साफ-सफाई अभियान चलाया जा रहा हैं। मच्छर जनित बीमारियों एवं कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सैनिटाइजेशन एवं फॉगिंग कराई जा रही हैं।
















