-मेयर-नगर आयुक्त ने पार्षदों के साथ की बैठक, सुनी समस्याएं
गाजियाबाद। पार्षदों ने वसुंधरा जोन के शेष इलाकों में भी हाउस टैक्स लागू करने की मांग की थी। जिस पर मेयर ने नगर निगम को प्रत्येक क्षेत्र में शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं। मेयर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर द्वारा प्रत्येक जोन के पार्षदों से 10-10 कर बैठक की जा रही हैं तथा विकास कार्यों पर चर्चा हो रही है। वसुंधरा जोन के पार्षदों द्वारा नगर निगम के अधिकारियों के समक्ष अपने-अपने क्षेत्र के विकास कार्यों की चर्चा की गई।
जिस के क्रम में पार्षद अरविंद चौधरी वार्ड संख्या-36, पार्षद आनंद गौतम वार्ड संख्या-21, पार्षद हिमांशु चौधरी वार्ड संख्या-40 व अन्य उपस्थित पार्षदों द्वारा अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों के साथ-साथ शेष रह गए इलाकों में हाउस टैक्स लागू करने के लिए बात रखी। उपस्थित पार्षदों द्वारा क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक मीटर के हिसाब से हाउस टैक्स वसूलने के लिए अपना सुझाव दिया ताकि नगर निगम की आय में वृद्धि हो और शहर के विकास कार्यों में भी विशेष सहयोग प्राप्त हो सके। वसुंधरा जोन के पार्षदों के साथ हुई बैठक के क्रम में पार्षद शिवानी सोलंकी वार्ड संख्या-61, पार्षद मंजू त्यागी वार्ड संख्या-54, पार्षद मनोज गोयल वार्ड संख्या-72, पार्षद आशा भाटी वार्ड संख्या- 74, पार्षद कपिल त्यागी वार्ड संख्या-57, पार्षद जयवीर वार्ड संख्या-43, पार्षद वार्ड संख्या-41 आरिफ द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में जल विभाग, उद्यान विभाग, निर्माण विभाग, प्रकाश विभाग, स्वास्थ्य विभाग के विषय को रखा गया।
साथ ही वसुंधरा जोन सभी जोनों में सबसे अधिक सुविधाओं से युक्त है तथा कुछ क्षेत्र के निवासी स्वयं हाउस टैक्स लागू कराना चाहते हैं, लेकिन नगर निगम द्वारा अभी तक वसुंधरा जोन के कई इलाकों में सर्वे कराकर हाउस टैक्स लागू नहीं किया गया है। सभी पार्षदों ने नगर निगम द्वारा क्षेत्र में कैंप लगाकर हाउस टैक्स लगवाने की अपील की गई। पार्षदों ने जिन एरिया से टैक्स नहीं लिया जा रहा है, वहां से टैक्स लेने की मांग की। मेयर आशा शर्मा तथा नगरायुक्त द्वारा मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव कुमार सिन्हा को वसुंधरा में पार्षदों से समन्वय स्थापित कर हाउस टैक्स लागू करने के लिए कैंप लगाने हेतु निर्देशित किया गया। बैठक में अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन खान, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, एसबीएम के नोडल अधिकारी अरूण कुमार मिश्रा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार आदि मौजूद रहे।
















