कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़, दूर होगी संगठन की खामियां : सुरेश खन्ना

-चुनाव से पहले संगठनात्मक खामियों को दूर करने में जुटे नगर विकास मंत्री
-नगर विकास मंत्री को भाजपा कार्यकर्ताओं ने बयां किया अपना दर्द
-आमजन के सहयोग से कोरोना संक्रमण पर हुआ कंट्रोल

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के 2022 के विधानसभा चुनाव में अभी भले ही थोड़ा वक्त हो लेकिन भारतीय जनता पार्टी अभी से चुनावी मोड में आ चुकी है। बताया जा रहा है कि बीजेपी चुनाव से पहले संगठनात्मक खामियों को दूर करने के लिए कमर कस चुकी है। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त संसदीय कार्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग मंत्री एवं प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बुधवार को मुरादनगर एवं भोजपुर ब्लॉक के संगठन के पदाधिकारियों, ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों से बैठक कर उनकी समस्याएं जानीं। इस दौरान उन्होंने संगठन के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता पर अधिकारियों द्वारा कराया जाएगा। उन्होंने जनपद के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की तथा जारी निर्माणाधीन कार्य एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर वातावरण को अनुकूल बनाने पर जोर दिया। मंत्री खन्ना ने कहा कि कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर के दृष्टिगत जनपद में विशेष सफाई अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जाए ताकि संक्रमण की रोकथाम की जा सके। उन्होंने अधिकारियों को कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रोत्साहित किया। साथ कोरोना की संभावित तीसरी लहर को दृष्टिगत रखकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों को मिलता रहे, जिसके लिए अधिकारी उनकी समस्याओं का निस्तारण समय-समय पर कराते रहें। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप छुट्टा पशुओं को संरक्षण में रखकर उनकी देखरेख कराई जाए। जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि भाजपा संगठनात्मक खामियां दूर की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि कार्यकर्ता निराश न हो,उनकी प्राथमिकता पर शिकायतों को सुनने के बाद निस्तारण किया जाएगा। मंत्री सुरेश खन्ना ने विधायक अजित पाल त्यागी,मोदीनगर विधायक डॉ.मंजूू सिवाच,जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा,अवनीश त्यागी के अलावा सीडीओ अस्मिता लाल,एसडीएम मोदीनगर आदित्य प्रजापति,अपर नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह,परियोजना निदेशक पीएन दीक्षित,डीपीआरओ अनिल कुमार त्रिपाठी, बीडीओ अजितेश कुमार आदि की मौजूदगी में समस्याएं सुनने के बाद आश्वासन दिया कि समस्याओं का निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने जनपद के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माणधीन योजना के जानकारी भी ली। बैठक के दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों द्वारा उनकी शिकायत का संज्ञान ना लेने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। मंत्री को भाजपा के कई संगठनों ने अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को शुद्ध बनाने में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदूषण की दृष्टि से जनपद गाजियाबाद अति संवेदनशील जनपद होने के फलस्वरुप यहां पर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की आवश्यकता है। उनके द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोजपुर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोदीनगर का कोविड-19 को लेकर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य अधिकारियों को कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोकने एवं संक्रमित व्यक्तियों को तत्काल इलाज अस्पतालों में संभव कराने के संबंध में दिशा-निर्देश प्रदान किए।
आमजन के सहयोग से कोरोना पर हुआ कंट्रोल
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के चलते जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि शासन, प्रशासन एवं आमजन के सहयोग से विषम परिस्थितियों में कोरोना संक्रमण कंट्रोल हो गया है। मंत्री ने ब्लॉक में बैठक करने के बाद पौधा रोपण भी किया। उन्होंने कहा कि हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है कि न केवल अपने आप को बल्कि अपने आस-पास के परिवेश को भी स्वच्छ बनाए रखना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर को दृष्टिगत रखते हुए विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। ताकि संक्रमण की रोकथाम की जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थी को मिलता रहे। इसके लिए अधिकारी समस्याओं का निस्तारण करते रहे। उन्होंने स्वयं सहायता समूह को और सजग बनाने के उद्देश्य से कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अधिक से अधिक स्वयं सहायता समूह का संचालन जनपद में कराया जाए। गोवंश संरक्षण को लेकर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप आवारा पशुओं को संरक्षण में रखते हुए उनकी देखरेख कराई जाए। कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने मुरादनगर ब्लॉक एवं भोजपुर ब्लॉक में वृक्षारोपण भी किया। पर्यावरण को शुद्ध बनाने में वृक्षों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदूषण की दृष्टि से जनपद अति संवेदनशील होने के चलते यहां पर अधिक से अधिक पौधारोपण करने की आवश्यकता हैं। ताकि पर्यावरण अधिक शुद्ध हो सके। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोजपुर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोदीनगर का कोरोना संक्रमण को लेकर मौके पर जाकर निरीक्षण किया।