-गलत नीतियों से युवा वर्ग में बेरोजगारी बढऩे का आरोप लगाया
गढ़मुक्तेश्वर।
प्रधानमंत्री के जन्म दिन को कांग्रेसियों ने बेरोजगारी दिवस के रूप में मनाया। केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण युवा वर्ग में बेरोजगारी बढने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिन को कांग्रेसियों ने बेरोजगारी दिवस के रूप में मनाते हुए गढ़ में तहसील रोड पर एकत्र होकर विरोध जताया। जिलाध्यक्ष मिथुन त्यागी ने आरोप लगाया कि लुभावने वादे और हवाई घोषणाओं के सहारे दूसरी बार केंद्र में सरकार बनाने में सफल हो चुके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोजगारके मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं। जिसके चलते बेरोजगारी की गंभीर समस्या दिन प्रतिदिन बढऩे से युवा वर्ग बुरी तरह परेशान हो रहा है। प्रदेश सचिव डॉ.शुएब, सेवादल जिला संयोजक मुकेश कौशिक, शहजाद चौधरी, विकास, प्रमोद, रोबिन, मुन्नी आजाद, ताज, अलाउद्दीन, ललितस समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बार कार्यकारणी का गठन अब चुनाव से होगा, निर्वाचन अधिकारी ने चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया
गढ़मुक्तेश्वर।
गढ़ बार एसोसिएशन की कार्यकारणी का गठन अब चुनाव से होगा, जिससे जुड़ा कार्यक्रम घोषित करते हुए निर्वाचन अधिकारी ने एल्डर कमेटी को भी भंग कर दिया। गढ़ बार एसोसिएशन की नई कार्यकारणी का गठन करने के लिए आम सहमति बनाने को लेकर कई दिनों से चल रही कवायद बृहस्पतिवार को हुई जनरल बॉडी की बैठक में विफल हो गई। जिसके उपरांत चुनाव कराने का निर्णय लेते हुए नैनपाल सिंह को निर्वाचन अधिकारी और संजीव चौहान को सहायक निर्वाचन अधिकारी का दायित्व सौंपा गया। सर्व सम्मति के आधार पर एल्डर कमेटी को भंग करते हुए निर्वाचन अधिकारी ने बार चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया। निर्वाचन अधिकारी नैनपाल सिंह ने बताया कि 18 सितंबर को मतदाता सूची का प्रकाशन कर 19 सितंबर को नामांकन फार्म भरे जाएंगे। उन्होंने बताया कि 21 सितंबर को नाम वापसी और नामांकन फार्मों की जांच होगी, जिसके उपरांत 28 सितंबर को मतदान और उसी दिन मतगणना के बाद चुनाव परिणामों की घोषणा की जाएगी। इस दौरान निवर्तमान अध्यक्ष कुंवरपाल सिंह, सचिव संजीव चौहान, सीएस यादव, खालिद चौधरी, शरियत खां, शुएब अली, लक्ष्मी नारायण, राजवीर सिंह, हरकेश राणा समेत अधिकांश वकील मौजूद रहे।
















