सपा-रालोद प्रत्याशी का भाजपा ने किया पत्ता साफ, ममता बनेंगी अध्यक्ष

-आरोप-प्रत्यारोप के बीच जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए एक मात्र नामाकंन

गाजियाबाद। आखिरकार भारतीय जनता पार्टी की सफल रणनीति के बीच जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर कब्जा होना तय हो गया है। भाजपा प्रत्याशी ममता त्यागी द्वारा ही सिर्फ एक नामांकन किए जाने के चलते अब इनका निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष चुना जाना तय हो गया हैं। शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह की कोर्ट कक्ष संख्या-102 में भाजपा प्रत्याशी ममता त्यागी का दो सेटों में नामांकन दाखिल हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर एवं जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के समक्ष भाजपा प्रत्याशी ममता त्यागी ने भाजपाइयों की पूरी फौज के साथ दोहपर 12.20 बजे नामांकन दाखिल किया। दो सेटों में जिला पंचायत सदस्य परमिता,अंशु मावी ने प्रस्तावक एवं अनुमोदक के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किए। डीएम ने नामांकन दाखिल होने के बाद अपर जिलाधिकारी प्रशासन ऋतु सुहास,सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचास्थानी विशाल सिंह आदि की मौजूदगी में दोपहर 12.20 बजे नामांकन दाखिल होने के बाद 12.30 बजे सभी नामांकन पत्रों को वैध घोषित किया। बता दें भाजपा के 14 जिला पंचायत सदस्यों की सीट में मात्र 2 सदस्य ही जीत पाए थे। बहुजन समाज पार्टी के सबसे ज्यादा 5 सदस्य चुनाव जीतने के बाद भी बसपा की ओर से पंचायत अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार घोषित नहीं किया गया था। सपा-रालोद की संयुक्त प्रत्याशी बसपा से निष्कासित धौलाना के विधायक असलम चौधरी की पत्नी नसीम बेगम को प्रत्याशी बनाया गया था। मगर नसीम बेगम शनिवार को अपना नामांकन दाखिल नहीं कर पाई। इसलिए जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ भाजपा की ममता त्यागी ने ही नामांकन किया। नामांकन एक ही होने के चलते भाजपा प्रत्याशी ममता त्यागी का निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष बनना अब लगभग तय हो गया हैं। नामांकन दाखिल करने के दौरान भाजपा की पूरी फौज कलेक्ट्रेट में पहुंच गई थी। केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह, बागपत के सांसद डॉ.सत्यपाल सिंह, राज्यमंत्री अतुल गर्ग, सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल, मेयर आशा शर्मा, विधायक डॉ. मंजू सिवाच, अजितपाल त्यागी, नंदकिशोर गुर्जर, जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, सतेंद्र सिसौदिया समेत भारी संख्या में भाजपाई कलेक्ट्रेट में एकत्र हुए। उधर, जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए शनिवार को होने वाले नामांकन पत्र को लेकर कलेक्ट्रेट में भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई थी। कविनगर सीओ अभय कुमार मिश्र, कविनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह, कचहरी चौकी प्रभारी अंगद सिंह राणा,इमाम जैदी आदि पुलिस फोर्स भारी संख्या में सुबह से ही मुस्तैद रहीं। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नाम वापसी की आखिरी तारीख 29 जून की है। 29 जून को 3 बजे के बाद ममता त्यागी को निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष मान लिया जाएगा। इसकी आधिकारिक घोषणा 3 जुलाई को होगी।