फंसे 4 कर्मचारियों को बाहर निकाला, एक गंभीर
नोएडा। भीषण गर्मी और उमस के बीच आग लगने का खतरा ज्यादा बढ़ गया है। नोएडा सेक्टर-50 में बुधवार को प्ले स्कूल की इमारत में चौथी मंजिल पर आग लगने से एकाएक हड़कंप मच गया। धुएं और आग के मध्य 4 कर्मचारी फंस गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने चारों कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दमकल कर्मियों ने आग पर भी काबू पा लिया। इस दरम्यान किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग की वजह से काफी देर तक अफरा-तफरी मची रही। पुलिस के मुताबिक सेक्टर-50 नोएडा में रवि नॉडी प्ले स्कूल है। स्कूल की इमारत के चतुर्थ तल पर बुधवार की सुबह अचानक धुआं निकलने लगा। उस समय वहां 4 कर्मचारी कार्यरत थे। घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। दमकल विभाग की टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंच गई। मौके पर दमकल विभाग की 4 गाड़ियों को आग बुझाने के लिए बुलाया गया। इमारत में फंसे चारों कर्मचारियों को दमकल कर्मियों ने बाहर निकाल लिया। बताया गया है कि एक कर्मचारी आग की चपेट में आ गया। गंभीर हालत में पीड़ित को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार चल रहा है। उधर, मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अरुण कुमार सिंह का कहना है कि आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। भीषण गर्मी व उमस में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना जाहिर की जा रही है। कोरोना संक्रमण की वजह से प्ले स्कूल में अवकाश चल रहा है। उधर, घटनास्थल के आस-पास काफी देर तक अफरा-तफरी का आलम रहा।















