नोएडा प्राधिकरण ने फाइनल की निजी कंपनी
नोएडा। सेक्टर-151ए में प्रस्तावित गोल्फ कोर्स के पौने 2 साल बाद शुरू होने की उम्मीद जागने लगी है। 7 बार टेंडर जारी करने के बाद अब नोएडा प्राधिकरण ने गोल्फ कोर्स बनाने के लिए कंपनी का चयन कर लिया है। उम्मीद है कि करीब 2 सप्ताह में काम आरंभ हो जाएगा। काम शुरू होने पर करीब एक साल बनने में लगेंगे। 27 सितंबर 2019 को आयोजित बोर्ड बैठक में नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-151ए में गोल्फ कोर्स बनाने का निर्णय लिया था। इसके लिए भूमि चिन्हित कर कुछ औपचारिकताएं पूरी कर जनवरी 2020 में टेंडर जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि यह गोल्फ कोर्स 18 होल का होगा। कंपनी का चयन कर लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि कश्यपी कंपनी को गोल्फ कोर्स बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जल्द कंपनी से अनुबंध की प्रक्रिया पूरी कर 2 सप्ताह में काम शुरू करा दिया जाएगा। गोल्फ कोर्स के लिए कंसल्टेंट अर्नेस्ट एंड यंग के जरिए बायबिलिटी का अध्ययन कराया गया। इसकी भूमि का क्षेत्रफल 90 एकड़ है। भूमि की लागत 185 करोड़ व गोल्फ कोर्स व क्लब बनाने में करीब 70 करोड़ का खर्च आएगा। गोल्फ कोर्स के लिए सदस्यता का काम भी करीब दस दिन में शुरू हो जाएगा। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि शुरूआत में 50 प्रतिशत पैसा लेकर गोल्फ कोर्स की सदस्यता के लिए पंजीकरण किया जाएगा। पहले चरण में एक हजार सदस्य बनाए जाएंगे। पंजीकरण से ही प्राधिकरण को करीब 32 करोड़ रुपए मिलेंगे। इस पैसे का प्रयोग गोल्फ कोर्स बनाने के लिए किया जाएगा। सदस्यता के लिए 2 श्रेणी बनाई गई हैं। सरकारी कर्मचारी व सामान्य लोग। सरकारी कर्मचारियों को तीन लाख और सामान्य सदस्यों को 10 लाख रुपये देने होंगे।















