लव जिहाद पर संग्राम : कानून लाएगी सरकार !

-योगी सरकार के मंत्री ने सिमी व पीएफआई पर उठाई अंगुली

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लव जिहाद पर संग्राम छिड़ता नजर आ रहा है। अब योगी सरकार के मंत्री मोहसिन रजा ने लव जिहाद को साजिश करार दिया है। मंत्री का आरोप है कि सीधी-साधी लड़कियों को शिकार बनाया जा रहा है। यह बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा है कि जरूरत होने पर सरकार कानून लाकर इस साजिश को रोकेगी। सूबे में लव जिहाद और धर्मांतरण के मामले निरंतर प्रकाश में आ रहे हैं। कुछ हिंदुवादी संगठनों ने इस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस बीच योगी सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री मोहसिन रजा ने लव जिहाद पर नाराजगी का इजहार किया है। मंत्री रजा का आरोप है कि लव जिहाद और धर्मांतरण की बढ़ती घटनाओं के पीछे गहरी साजिश है। आवश्यकता होने पर सरकार कानून लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि सिमी और पीएफआई जैसे संगठन इस साजिश के पीछे हैं। उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि लव जिहाद और धर्मांतरण की निरंतर शिकायतें मिल रही हैं। भोली-भाली लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर उनके साथ शादी करना, फिर उनका धर्मांतरण किया जा रहा है। मंत्री मोहसिन रजा ने बताया कि लव जिहाद और धर्मांतरण के पीछे की साजिश में शामिल आरोपी बेहद शातिर किस्म के हैं। आरोपी आतंकी संगठनों से ताल्लुक रखते हैं। देश में तुष्टिकरण की राजनीति के तहत राजनीतिक दलों का समर्थन मिल गया। इस साजिश का खुलासा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मामलों में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हंै। सनद रहे कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पिछले कुछ दिनों के भीतर कथित लव जिहाद के कई मामले प्रकाश में आए हैं। सिर्फ कानपुर में 11 ऐसे मामलों में जांच चल रही है, जिसमें धोखे से धर्मांतरण के आरोप लगाए गए हैं।