राष्ट्रपति के खिलाफ साजिश, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

-डोनाल्ड ट्रंप को भेजे पैकेट में निकला घातक जहर

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ क्या कोई जानलेवा साजिश रची गई है ? इस साजिश के पीछे आखिर कौन है ? इन सवालों के जबाव ढूंढऩे में अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों को काफी माथा-पच्ची करनी पड़ रही है। दरअसल अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को भेजे गए संदिग्ध पैकेज में जहर मिलने से व्हाइट हाउस में एकाएक हड़कंप मच गया है। यह पैकेट संभवत: कनाडा से अमेरिका भेजा गया है। कानून प्रवर्तन के अफसरों ने संदिग्ध पैकेट की गहन छानबीन की थी। जांच करने पर पैकेट में खतरनाक रिसिन जहर होने की पुष्टि हुई है। प्वाइजन (जहर) की तस्दीक के लिए एक नहीं बल्कि दो जांच हो चुकी हैं। अमेरिका की कानून प्रवर्तन एजेंसी के एक अधिकारी ने बताया कि पैकेज संभवत: कनाडा से अमेरिका भेजा गया है। अधिकारियों के मुताबिक कोई भी लेटर या पार्सल व्हाइट हाउस आने पर राष्ट्रपति तक पहुंचने तक उसकी बारीकी से जांच की जाती है। जांच कर्ताओं ने रिसिन को बेहद घातक जहर बताया है। वह खतरनाक घातक तत्व होता है, जिसे कास्टर बींस से निकाला जाता है। इसका उपयोग आतंकी हमलों में हो चुका है। अधिकारियों के अनुसार रिसीन जहर का उपयोग पाउडर, धुंध, गोली या एसिड के रूप में किया जा सकता है। यदि किसी के शरीर में यह जहर प्रवेश कर जाता है तो पेट-आंतों में जलन के अलावा यह आतंरिक रक्तस्त्राव का कारण भी बनता है। इसके कारण संबंधित व्यक्ति की जान भी जा सकती है। फेडरल ब्यूरो ऑफ इंवेस्टिगेशन (एफबीआई) और सीक्रेट सर्विस इस प्रकरण की जांच कर रहे हैं। उधर, कनाडा के सार्वजनिक सुरक्षा के मुख्य प्रवक्ता मैरी-लिज़ पावर का कहना है कि हम पैकेज की संबंधित रिपोर्ट से अवगत हैं। कनाडाई कानून प्रवर्तन एजेंसी अमेरिकी समकक्षों के साथ मिलकर काम कर रही है। जांच जारी होने के कारण फिलहाल कोई टिप्पणी करना संभव नहीं है।