-3598 अवैध निर्माण के खिलाफ जल्द चलेगा अभियान
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माण के खिलाफ मुहिम को जारी रखते हुए हिंडनपार क्षेत्र में जबरदस्त तरीके से तोडफ़ोड़ की कार्र्रवाई की। प्रवर्तन जोन-7 क्षेत्र अंतर्गत राजेंद्रनगर, राधेश्याम पार्क एवं ब्रिज विहार में अब तोड़े जा रहे अवैध निर्माण दो साल पहले के बना लिए गए थे। जीडीए उपाध्यक्ष कृष्णा करूणेश की सख्ती के चलते अब राधेश्याम पार्क में जीडीए प्रवर्तन जोन-7 के प्रभारी अधिशासी अभियंता आलोक रंजन द्वारा टीम के साथ छत से लेकर राधेश्याम पार्क में बनाए गए अवैध रूप से फ्लैट को तोड़ा गया है। तीन दिन की कार्रवाई में आधा दर्जन से अधिक अवैध फ्लैट ध्वस्त किए जा चुके हैं। जीडीए प्रवर्तन जोन-7 के प्रभारी आलोक रंजन ने बताया कि 50-राधेश्याम पार्क में पूर्व प्रभारी के समय के यह अवैध निर्माण किए गए है। तीन दिन की कार्रवाई में स्वीकृत नक्शे से अधिक अवैध रूप से किए गए निर्माण को ध्वस्त किया गया। अवैध रूप से डाली गई छत, छज्जे व अन्य निर्माण को ध्वस्त किया गया। प्रवर्तन प्रभारी आलोक रंजन ने सहायक अभियंता आरबी सिंह एवं अवर अभियंता वीके पांडेय, नेकराम राजपूत, जीडीए पुलिस और साहिबाबाद थाने की पुलिस की मौजूदगी में यह अवैध निर्माण ध्वस्त कराए गए। वहीं, जीडीए के अपर सचिव एवं नोडल अधिकारी प्रवर्तन सीपी त्रिपाठी द्वारा अवैध निर्माण और अवैध रूप से जमीन खरीदकर प्लॉट काटकर बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सख्ती दिखा रहे है। 
किसी भी क्षेत्र में अवैध निर्माण एवं अवैध प्लाटिंग न होने पाए। इसके लिए प्रवर्तन अनुभाग में तैनात अवर अभियंताओं की डायरी जमा कराई थी। सभी डायरी की जांच कर एक-एक निर्माण की सूची बना ली गई है। नोडल अधिकारी ने जोन के सहायक अभियंता (प्रवर्तन) को उनके जोन के अवैध निर्माण की सूची भेजकर इनकी जांच करने के निर्देश दिए है। अगर कहीं पर कोई प्लाटिंग और अवैध निर्माण हुए है तो अवर अभियंता व सुपरवाइजर को तत्काल नोटिस जारी करें। इसके अलावा पूर्व में हुए निर्माण का शमन कराया गया है या नहीं, अगर नहीं कराया गया है तो संबंधित अवैध निर्माण के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई। इसकी भी रिपोर्ट मांगी गई हैं। आरडीसी, चिरंजीव विहार, गोविंदपुरम, पटेल नगर, विजयनगर, प्रताप विहार, श्याम पार्क, ब्रिज विहार, राजेंद्र नगर का औचक निरीक्षण किया जाए। जीडीए के प्रवर्तन जोन-3 और प्रवर्तन जोन-4 में अब सबसे अधिक अवैध निर्माण के मामले लंबित है। इनमें जोन-3 में पटेल नगर, लोहियानगर, आरडीसी, राजनगर, सेक्टर-23 संजयनगर, गोविंदपुरम, स्वर्णजयंतीपुरम व मधुबन-बापूधाम क्षेत्र आता है। जबकि जोन-4 में नेहरू नगर, कविनगर, गांधी नगर, शास्त्रीनगर, नवयुग मार्केट, मालीवाड़ा, अवंतिका, चिरंजीव विहार, विवेकानंदनगर, प्रताप विहार, विजयनगर आदि क्षेत्र आता है। इन दोनों जोन में 3598 अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई लंबित है। इसमें 1914 अवैध निर्माण जोन-तीन व 1684 जोन-चार के हैं।
















