धोखाधड़ी में फंसी अभिनेत्री, पूछताछ करेगी पुलिस
लखनऊ। कारोबारी पति राज कुंद्रा के बाद अब अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी मुश्किल में घिर गई हैं। वेलनेस सेंटर के चक्कर में शिल्पा और उनकी मां सुनंदा पर कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी है। मां-बेटी पर वेलनेस सेंटर के नाम पर कई करोड़ रुपए की ठगी करने का गंभीर आरोप लगा है। लखनऊ के विभूति खंड थाने में इस संबंध में पहले से दर्ज एफआईआर पर पुलिस एकाएक एक्शन में आ गई है। आरोपी मां-बेटी की गिरफ्तारी भी संभव है। लखनऊ पुलिस की सक्रियता ने दोनों की बेचैनी बढ़ा दी है।
बता दें कि मुंबई पुलिस ने कुछ दिन पहले अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। कुंद्रा पर पोर्न फिल्मों के निर्माण का आरोप है। उधर, अब अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी मुश्किलों में घिरती नजर आ रही हैं। शिल्पा और उनकी मां पर आयोसिस वेलनेस सेंटर खोलने की आड़ में नागरिकों से करोड़ों रुपए की ठगी करने का आरोप है। शिल्पा और उनकी मां के खिलाफ लखनऊ के हजरतगंज विभूति खंड थाने में 2 एफआईआर दर्ज की गई थी। इस प्रकरण में पुलिस एक्शन में आ गई है। लखनऊ पुलिस की टीम एकाएक मुंबई भी पहुंच गई है। वेलनेस सेंटर के मामले में शिल्पा व उनकी मां से जल्द पूछताछ संभव है। यदि शिल्पा शेट्टी और उनकी मां के खिलाफ कोई सबूत मिलता है तो दोनों की गिरफ्तारी भी संभव है।
सनद रहे कि शिल्पा आयोसिस वेलनेस सेंटर नाम से एक फिटनेस चेन का संचालन करती हैं। वह इस कंपनी की चेयरमैन हैं। जबकि उनकी मां सुनंदा निदेशक हैं। शिल्पा और सुनंदा पर वेलनेस सेंटर के ब्रांच खोलने के नाम पर नागरिकों से करोड़ों रुपए लेने और बाद में अपना वादा तोड़ने का आरोप है। ओमेक्स हाइट्स निवासी ज्योत्सना चौहान ने विभूतिखंड और रोहित वीर सिंह ने हजरतगंज में शिल्पा और उनकी मां सुनंदा के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कराई थी। पूछताछ के लिए दोनों को नोटिस भी भेजा जा चुका है। उधर, शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा के पोर्न कारोबार को लेकर नए-नए खुलासे हो रहे हैं। क्राइम ब्रांच पोर्न रैकेट में राज कुंद्रा को मास्टरमाइंड मान रही है। कुंद्रा व्हाट्सएप चैट से इन बातों का खुलासा हुआ कि उन्होंने कई करोड़ रुपये में अश्लील वीडियो बेचने की डील की थी।
















