लखनऊ। मेरठ की नौचंदी थाना पुलिस ने धोखाधड़ी कर दूसरी शादी करने के आरोपी को दबोचा है। 2 साल पहले भंडाफोड़ होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। दूसरी शादी के लिए आरोपी ने गाजियाबाद से दस्तावेज तैयार कराए थे। आरोपी फिलहाल दूसरी बीबी के साथ भावनपुर क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
नौचंदी थाना प्रभारी प्रेमचंद शर्मा के मुताबिक शास्त्रीनगर निवासी बिजेंद्र की शादी 2003 में कविता के साथ हुई थी। शादी के बाद दंपति के 3 संतान हुई। 2014 में बिजेंद्र ने प्रवेश विहार में पनीर की फैक्ट्री शुरू की। इस दौरान बिजेंद्र की मुलाकात क्षेत्र की एक युवती से हुई। आरोप है कि बिजेंद्र ने शादीशुदा होने की बात छिपात् कर 6 अक्तूबर 2016 को दूसरी युवती से शादी कर ली। शादी से जुड़े दस्तावेज भी गाजियाबाद से तैयार करा लिए। वह दूसरी पत्नी के साथ भावनपुर क्षेत्र में किराए के मकान में रहने लगा। कुछ दिन तक मामला चलता रहा। इस बीच कविता को भनक लगी कि उसका पति किसी अन्य महिला के साथ घूम रहा है। कविता ने अपने स्तर से पड़ताल की तो सच्चाई सामने आ गई।
पीड़िता ने नौचंदी थाने में पति बिजेंद्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। तब से आरोपी की तलाश थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फरार आरोपी बिजेंद्र को भावनपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। वर्तमान में उसकी दूसरी पत्नी से बेटी भी है। सीओ सिविल लाइन देवेश सिंह ने बताया कि पहली पत्नी को धोखा देकर दूसरी शादी रचाने वाले आरोपी को दबोच लिया गया है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया गया।















