ग्रेटर नोएडा। शहर में जल्द तीसरा कौशल विकास केंद्र आरंभ हो जाएगा। नॉलेज पार्क तृतीय में यह केंद्र शुरू करने की तैयारी चल रही है। इस केंद्र पर 60 युवाओं को प्रशिक्षण की व्यवस्था होगी। राष्ट्रीय कौशल विकास निगम की मदद से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इस मुहिम में जुटा है। युवाओं को हुनरमंद बनाने में कौशल विकास केंद्र की अह्म भूमिका है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) सचिन कुमार सिंह ने नॉलेज पार्क में नवनिर्मित कौशल विकास केंद्र का मंगलवार को जायजा लिया। इस दौरान वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेने के साथ स्टाफ से वार्ता की गई। ग्रेटर नोएडा और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम मिलकर ग्रेटर नोएडा में छह केंद्र बना रहे हैं। पहला केंद्र बीते माह सेक्टर अल्फा वन के ट्रेडिक्स टॉवर में और दूसरा सरकारी प्राइमरी स्कूल, मुबारकपुर (सूरजपुर) में शुरू हो चुका है। अब तीसरा केंद्र नॉलेज पार्क 3 में इसी माह के अंत तक शुरू करने की तैयारी है। इस केंद्र में टेलीकॉम ग्रेड में हैंडसेट रिपेयर इंजीनियरिंग और लाइन असेंबलर के लिए 210 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका कोर्स 43 दिन का होगा। इनके बाद तीन और कौशल विकास केंद्र खुलेंगे।
इनमें नॉलेज पार्क टू स्थित जीएनआईओटी कैंपस (ऑटोमोबाइल ग्रेड), उद्योग केंद्र वन (इलेक्ट्रॉनिक्स ग्रेड) और नोएडा आईटीआई, मेन रोड चिपियाना बुजुर्ग (इलेक्ट्रॉनिक्स ग्रेड) शामिल हैं। सभी छह केंद्रों के शुरू हो जाने पर एक बार में 1170 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा सकेगा। उधर, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नरेंद्र भूषण का कहना है कि कौशल विकास निगम के सहयोग से सभी केंद्र जल्द शुरू हो जाएंगे। इन केंद्रों से प्रशिक्षण पाकर युवा हुनरमंद बन सकेंगे। इससे उन्हें भविष्य संवारने का रास्ता मिल सकेगा। इसके अलावा कंपनियों की भी जरूरत पूरी हो सकेगी।
















