बारिश : दिल्ली बेहाल, गाजियाबाद में देर से सुधरे हालात

दिल्ली नगर निगम से बेहतर निकली गाजियाबाद नगर निगम की रणनीति

गाजियाबाद। मूसलाधार बारिश के कारण देश की राजधानी में हालात बिगड़ गए हैं। दिल्ली में शनिवार को जलभराव ने नागरिकों की जान सांसत में डाले रखी। इसके इतर दिल्ली से सटे गाजियाबाद शहर में स्थिति संभली नजर आई। गाजियाबाद नगर निगम के प्रयासों ने नागरिकों को काफी राहत प्रदान की। दिल्ली-गाजियाबाद में नौकरी एवं कारोबार के सिलसिले में आवागमन करने निकले नागरिक दोनों जगह की तस्वीर को देखकर हैरान नजर आए। नतीजन जलभराव से निपटने में दिल्ली नगर निगम के मुकाबले गाजियाबाद नगर निगम की रणनीति ज्यादा कारगर रही।

जलभराव से उत्पन्न समस्याओं से निपटने के लिए मेयर और नगरायुक्त का भ्रमण पर निकलना और मातहतों को जरूरी दिशा-निर्देश देना कारगर रहा। नगरायुक्त ने जल निकासी के लिए फौरी तौर पर जो उपाय हो सकते थे, उन्हें पूर्ण कराने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी। इसके चलते भारी बारिश के बावजूद शहर पानी-पानी होने से बच गया। शुक्रवार की रात मौसम में एकाएक बदलाव आ गया था। आसमान में काले घने बादल मंडराने के बाद तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। ऐसे में जगह-जगह जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। शनिवार की सुबह नौकरी एवं कारोबार के सिलसिले में घरों से निकले नागरिकों को अहसास हो गया था कि गंतव्य तक पहुंचना टेंशन भरा होगा।

दिल्ली में मूसलाधार बारिश के कारण हालात काबू से बाहर हो गए। वहां सड़कों पर जलभराव की स्थिति बेहद खराब थी। सड़कों पर जगह-जगह जलभराव में फंसकर वाहन बंद हो गए। ऐसे में नागरिक सरकारी कुव्यवस्था को कोसते नजर आए। जलभराव में फंसे नागरिकों को फौरी राहत दिलाने को सड़कों पर ना जनप्रतिनिधि नजर आए और ना अफसर। इसके उलट दिल्ली से सटे गाजियाबाद शहर में नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर की सक्रियता ने हालात को बिगड़ने नहीं दिया। नगरायुक्त तंवर को शनिवार की रात स्थिति का आभास हो गया था। वह देर रात समस्या का समाधान कराने में लगे रहे। शनिवार की सुबह वह खुद फील्ड में निकल पड़े।

नगरायुक्त ने विभिन्न क्षेत्रों में जाकर न सिर्फ जलभराव की स्थिति को नजदीक से देखा बल्कि इससे निपटने के लिए मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगर निगम के मुखिया के खुद निरीक्षण पर निकलने का परिणाम यह रहा कि दिल्ली के मुकाबले गाजियाबाद शहर में नागरिकों को जलभराव की समस्या से ज्यादा परेशान नहीं होना पड़ा। कुछेक कॉलोनियों की बात यदि न की जाए तो शहरभर में जल निकासी की समस्या हाथों-हाथ निपटा दी गई। जल निकासी के लिए आनन-फानन में पंप का इस्तेमाल किया गया।

समय पर उचित गाइडेंस मिलने से मातहत भी शिद्दत से काम में जुट गए। जहां समस्या ज्यादा विकट थी, वहां प्राथमिकता के आधार पर काम कराया गया। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर दिनभर जलभराव की समस्या को दूर कराने की कवायद में जुटे रहे। दिल्ली में जलभराव और जाम की समस्या से दो-चार होकर गाजियाबाद शहर में आए नागरिकों ने यहां के हालात को अनुकूल पाकर राहत की सांस ली। इन नागरिकों ने नगर निगम के प्रयासों को जमकर सराहा। सोशल मीडिया पर भी कुछ यूजर्स ने अपनी बात को बेबाक तरीके से रखा।